हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसा गंभीर मामला सामने आया है, जिससे लगता है कि दूसरों को सुरक्षा देने वाली यूपी पुलिस भी खुद सुरक्षित नहीं हैं। यहां ड्यूटी कर रही एक महिला सिपाही पर एक युवक ने जानलेवा हमला किया। दरअसल, युवक ने महिला सिपाही पर अभद्र टिप्पणी की। पुलिसकर्मी ने जब अभद्र टिप्पणी का विरोध किया तो युवक ने महिला सिपाही पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया और उसका सिर फोड़ दिया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह हैरान करने वाली घटना राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र की है। प्राची सिंह, एडीसीपी, लखनऊ, यूपी पुलिस ने बताया कि रविवार को गश्त कर रही महिला सिपाही पर एक युवक ने अभद्र टिप्पणी की। जब सिपाही ने युवक से टिप्पणी पर सवाल किए तो युवक अपने घर जाकर लोहे की रॉड लाया और महिला सिपाही को मारने लगा। वह अकेली थी और अपने आप को बचा नहीं पाई।
लोहे की रॉड से हमला करके युवक ने महिला सिपाही का सिर फोड़ दिया। महिला सिपाही बुरी तरह जख्मी हो गई। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने 112 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद महिला सिपाही को इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला सिपाही पर हमला करने वाला आरोपी प्रभात अलीगंज थाना क्षेत्र में का ही रहने वाला है। घटना के एक घंटे बाद ही पुलिस ने मामले में FIR दर्ज़ कर अभियुक्त प्रभात की गिरफ़्तारी की। आगे की कार्रवाई जारी है।
Published : 30 August 2021, 2:18 PM IST
Topics : Lucknow police uttar pradesh अपराध उत्तर प्रदेश महिला पुलिस लखनऊ हमला