हिंदी
नयी दिल्ली: भारत में कोविड-19 से संक्रमण के 514 नए मामले दर्ज किए गए वहीं इस बीमारी के मरीजों की संख्या घटकर 3,422 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे की अवधि में तीन मौतें हुईं। महाराष्ट्र में दो और कर्नाटक में एक मरीज की मौत हो गई।
पांच दिसंबर, 2023 तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंकों में आ गई थी, लेकिन कोविड-19 के नए उप-स्वरूप जेएन.1 के उभरने और ठंड के मौसम के बाद मामले बढ़ने लगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पांच दिसंबर के बाद 31 दिसंबर, 2023 को एक दिन में अधिकतम 841 नए मामले सामने आए, जो मई 2021 में दर्ज किए गए चरम मामलों का 0.2 प्रतिशत है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों में से 92 प्रतिशत लोग घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं।
आधिकारिक सूत्र ने कहा कि मौजूदा आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन.1’ उपस्वरूप की वजह से न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और न ही अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या तथा मृत्यु दर में वृद्धि हो रही है। ’’
देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति भयावह हो गई थी और सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 नए मामले सामने आए थे और 3,915 मरीजों की मौत हुई थी।
मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है।
वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक कोविड- 19 टीकों की 220.67 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
Published : 11 January 2024, 5:01 PM IST
Topics : कोविड घंटा नयी दिल्ली बीमारी भारत मामला संक्रमण स्वास्थ्य मंत्रालय
No related posts found.