
नई दिल्ली: कांग्रेस द्वारा आज महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पुलिस का सख्त पहरा है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के सांसदों द्वारा राष्ट्रपति भवन तक मार्च किया जाना है। कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये गये हैं।
महंगाई के खिलाफ देश भर में हल्लाबोल और राष्ट्रपति भवन तक मार्च से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान का हर संस्थान आज स्वतंत्र, निष्पक्ष नहीं है। हिंदुस्तान का हर संस्थान आज RSS के नियंत्रण में है। हम सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी से नहीं लड़ रहे हैं, हम हिंदुस्तान के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ लड़ रहे हैं।
दूसरी तरफ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता दिल्ली में मार्च निकाल रहे हैं। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा सकता है।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। यहां कांग्रेसियों द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।
कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक ट्विट कर कहा “इस तानाशाह सरकार को डर लग रहा है। भारत की हालत से, कमरतोड़ महंगाई और ऐतिहासिक बेरोज़गारी से, अपनी नीतियों से लायी बर्बादी से। जो सच्चाई से डरता है, वो ही आवाज़ उठाने वालों को धमकाता है”!
Published : 5 August 2022, 11:46 AM IST
Topics : Congress protest Rashtrapati Bhavan कांग्रेस महंगाई मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रपति भवन विरोध प्रदर्शन