हिंदी
पटना: कांग्रेस ने कहा कि वह विपक्षी दलों को एकजुट करने के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों की बहुत सराहना करती है, लेकिन वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) और दिल्ली के उनके समकक्ष अरविंद केजरीवाल जैसे नेताओं पर ‘‘अब भी भरोसा नहीं कर पा रही है।’’
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने “पिछले आठ-नौ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद की है।”
बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्यालय सदाकत आश्रम में पत्रकारों से मुखातिब शर्मा ने कहा, “मैं कांग्रेस के एक आधिकारिक प्रवक्ता के रूप में पूरी जिम्मेदारी की भावना के साथ यह दावा करता हूं कि हम अभी भी केजरीवाल और केसीआर पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।”
अपनी बात के समर्थन में शर्मा ने अब वापस लिए जा चुके कृषि कानूनों के प्रति केजरीवाल के समर्थन का जिक्र किया। उन्होंने केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खुलासे के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की गिरफ्तारी की भी मांग की थी।
शर्मा ने कहा, “बहरहाल, हम यह नीतीश बाबू के विवेक पर छोड़ देते हैं। वह तय कर सकते हैं कि उन्हें किसे साथ लेकर चलना है।”
Published : 28 May 2023, 12:44 PM IST
Topics : अरविंद केजरीवाल एकजुट कांग्रेस चंद्रशेखर राव तेलंगाना नीतीश कुमार पटना प्रयास भरोसा विपक्षी दल
No related posts found.