हिंदी
श्रीनगर: समूचे जम्मू-कश्मीर में पारा जमाव बिंदु के नीचे बना रहा और श्रीनगर शहर में रात में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यहां बुधवार को यह जानकारी दी।
सुबह के समय घाटी में कोहरा छाया रहा, जिससे श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए हवाई यातायात बाधित हुआ।
तापमान बढ़ने से कोहरा छंटने के कारण जल्द उड़ानों का सामान्य संचालन शुरू हो गया।
घाटी में शीतलहर की स्थिति बढ़ने से सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने बताया कि कश्मीर में पहलगाम सबसे अधिक ठंडा स्थान रहा जहां मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पुलवामा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस जबकि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर में गुलमर्ग और दक्षिण कश्मीर में कोकेरनाग ऐसे स्थान रहे जहां मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस जबकि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Published : 22 November 2023, 1:44 PM IST
Topics : 3 3 degrees Celsius 3 3 डिग्री सेल्सियस Cold wave Jammu Kashmir minimum temperature जम्मू कश्मीर न्यूनतम तापमान पहलगाम शीतलहर