
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई कार्यसमिति में अधिकांश नए चेहरों को जगह दी है जिनमें केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गिरिराज सिंह, छत्तीसगढ़ से अजय चंद्राकर, लता उसेंडी, मध्यप्रदेश में मंत्री नरोत्तम मिश्रा शामिल हैं। इस बार जगह पाने से वंचित रह गये लोगों में डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी, मेनका गांधी, वरुण गांधी, विनय कटियार प्रमुख हैं।
पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा की। नये संसदीय बोर्ड की घोषणा की भी प्रतीक्षा की जा रही है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य हैं जिनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह, राज्य सभा में नेता सदन पीयूष गोयल, हाल ही में भाजपा में आये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं।
पिछली राष्ट्रीय कार्यसमिति में 72 सदस्य थे। इस बार 80 सदस्य बनाये गये हैं। राष्ट्रीय कार्य समिति से जिन लोगों को हटाया गया है उनमें डॉ सुब्रह्मण्यम स्वामी, मेनका गांधी, वरुण गांधी, विनय कटियार, सी.पी. ठाकुर, प्रो. विजय मल्होत्रा, हुकुमदेव नारायण यादव, डॉ. महेश शर्मा, श्रीकांत शर्मा, संजय पासवान, राजेन्द्र अग्रवाल, रमापति राम त्रिपाठी प्रमुख हैं।
कार्यसमिति के नए चेहरों में पश्चिम बंगाल से फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, दिनेश त्रिवेदी, पूर्व पुलिस अधिकारी भारती घोष, उत्तर प्रदेश से बृजेश पाठक, स्मृति ईरानी, दारासिंह चौहान, साध्वी निरंजन ज्योति और स्वामी प्रसाद मौर्य, हरियाणा से सुनीता दुग्गल, दिल्ली से एस जयशंकर, मीनाक्षी लेखी, मनोज तिवारी एवं रमेश बिधूड़ी, असम से बिजया चक्रवर्ती, बिहार से भागीरथी देवी और नित्यानंद राय शामिल हैं। मध्यप्रदेश से डॉ. वीरेन्द्र खटीक, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा, ओडिशा से अश्विनी वैष्णव, पंजाब से हरदीप सिंह पुरी और सोम प्रकाश को भी जगह दी गई है।
Published : 7 October 2021, 4:05 PM IST
Topics : Bharatiya Janata Party bjp national executive council uttar pradesh उत्तर प्रदेश भाजपा भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी