
लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2019 के नजदीक आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ने लगी है छोटे-छोटे संगठन राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के बीजेपी मुख्यालय पर पूर्व डीजी होमगार्ड सूर्य कुमार शुक्ला, हरेंद्र जायसवाल सहित कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईवीएम को लेकर फिर उठाए सवाल..
वहीं इस मौके पर प्रदेश की मंत्री अनुपमा जयसवाल और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने तमाम लोगों को बीजेपी ज्वाइन कराया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए महेंद्र नाथ पांडे ने बताया कि देश की आवाम फिर से मोदी सरकार चाहती है। लेकिन दूसरी तरफ मोदी सरकार को हराने के लिए विपक्ष गठबंधन का सहारा ढूंढ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की तुलना अंगद से की
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना अंगद से की। उन्होंने कहा भारतीय राजनीति में अंगद की तरह अपना पांव जमाए प्रधानमंत्री मोदी को हटाने के लिए पूरा विपक्ष एक साथ है। विपक्ष को लग रहा है कि अगर मोदी नहीं हटे तो हमारी राजनीति कैसे चलेगी।
पार्टी में सदस्यता ग्रहण कराने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में सरकार की नीतियों को गिनाएं। इसी के साथ जनता तक सरकार का मैसेज पहुंचाने का काम करें और चुनाव को लेकर मजबूत तैयारियां करें।
Published : 23 January 2019, 6:51 PM IST