Bihar: 2024 चुनाव को लेकर बोले नीतीश कुमार जितना जल्दी चुनाव करवा दें, उतना अच्छा, हमलोग हर समय तैयार हैं

डीएन ब्यूरो

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यह दावा किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रही है और कहा, ‘‘हमलोग हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार


पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यह दावा किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रही है और कहा, ‘‘हमलोग हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं।’’

जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) के शीर्ष नेता ने एक साल पहले भाजपा से नाता तोड़ लिया था और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के गठन में विभिन्न विपक्षी दलों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बिहार में जल्द चुनाव से संबंधित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा, ‘‘वे लोग तो पूरे देश में जल्द चुनाव कराना चाहते हैं। जितना जल्दी चुनाव करा दें उतना अच्छा है, हमलोग तो इंतजार कर रहे हैं। हमलोग हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। भारत सरकार को अधिकार है कि संसद का चुनाव पहले भी करा सकती है।’’

शाह ने कहा था कि जदयू और राजद का गठबंधन तेल और पानी के समान है, वे आपस में कभी नहीं मिल सकते हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जो ऐसा कहते हैं उन्हें बता दीजिए कि यहां कितना विकास हुआ है। पूरे बिहार का विकास देखिए। बिहार में कितनी अच्छी सड़कें बन गई हैं, पुल बना है। लोगों के हर घर तक नल का जल पहुंच गया। हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई है और इसका संचालन बेहतर ढंग से हो रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गरीब राज्य रहते हुये हमलोगों ने मेहनत करके बिहार में विकास का काम किया है। बिहार के बारे में आज कुछ लोग उल्टा-सीधा बोलते हैं। हमलोग एक साथ हैं तो कुछ लोगों को बेचैनी हो रही है। हमलोग एक-एक चीज पर योजना बनाते हैं और फिर उस पर विकास का काम होता है।’’

भाजपा के ‘इंडिया’ गठबंधन को कोई चुनौती नहीं माने जाने के बारे में पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम जनता के सेवक हैं। हम किसी को चुनौती नहीं देते हैं। हम जनता के बीच में सारी बात कहते हैं। जो अच्छा काम नहीं करेगा लोग उसके बारे में फैसला लेंगे। ‘इंडिया’ गठबंधन पूरी तरह एकजुट हैं। कोई दिक्कत नहीं है।’’

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार नीतीश ने कहा है कि मीडिया वर्तमान व्यवस्था के तहत बेड़ियों में जकड़ा हुआ है और शासन में बदलाव से पत्रकार बिरादरी को ‘मुक्ति’ मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आपलोगों की मजबूरी है। जितना काम हमलोग करते हैं उतना आपलोग प्रचार नहीं करते हैं। जब आपलोगों को मौजूदा केंद्र की सरकार से मुक्ति मिलेगी तो आपलोग आजाद होकर अपने मन का लिखिएगा। जो अच्छा लगेगा वो बोलिएगा। हम आपलोगों के पक्ष में हैं। यह आपलोगों का अधिकार है। जैसे लोगों को राजनीति करने का अधिकार है वैसे ही पत्रकारों को भी जो देखते हैं उसे लिखने-बोलने का अधिकार है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उनलोगों (भाजपा) ने सबलोगों को नियंत्रित कर लिया है। आप लोगों (पत्रकारों) से मेरा पुराना रिश्ता है। जब हमलोग लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी के नेतृत्व में आंदोलन चलाए तो आपलोगों ने हमारा साथ दिया था।’’

संसद का विशेष सत्र बुलाने के केंद्र के फैसले के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा, ‘‘संसद का विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है लेकिन एजेंडा पता नहीं चल रहा है। वे लोग क्या लाने जा रहे हैं या क्या होगा ये तो बाद में पता चलेगा… हमारे सदस्य वहां हैं, वे महत्वपूर्ण मुद्दे जोरदार तरीके से उठाएंगे।’’ लोकसभा में जदयू के 16 सदस्य हैं।

संसद का विशेष सत्र आज से शुरू हो गया है।

इस अवसर पर मौजूद बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम एकजुट होकर आगामी चुनाव लड़ेंगे।’’










संबंधित समाचार