हिंदी
नई दिल्ली: बिहार की सियासी तस्वीरें तेजी से बदलती प्रतीत हो रही है। जनता दल (यूनाइटेड) JDU और आरजेडी के बीच सियासी दरार बढ़ती जा रही है। जेडीयू प्रमुख नीतीश के एक बार फिर एनडीए में लौटने की संभावनाएं जताई जा रही है। बिहार की इन सियासी हलचलों के बीच अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार में सियासी भूचाल और नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अखिलेश ने एक चैनल को दिये बयान में नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन में होने की बात कही।
अखिलेश ने इसके साथ ही यह भी कहा कि मामला चाहे बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का हो या बिहार के सीएम नीतीश कुमार का। इन मामलों में कांग्रेस को तत्परता दिखानी चाहिये थी।
यह भी पढ़ें: बिहार में सियासी उबाल, JDU और RJD में बढ़ी दरार, NDA में लौट सकते नीतीश
अखिलेश यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने ही इंडिया गठबंधन की नींव रखी थी। उनको यहां (इंडिया गठबंधन) कोई भी पद दिया जा सकता था। वे यहां प्रधानमंत्री बन सकते थे। लेकिन कांग्रेस ने इस मामले में तत्परता नहीं दिखाई।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों में गहराती दरार के संकेतों के बीच जेडीयू प्रमुख के एक बार फिर राजग में लौटने की संभावनाएं जताई जा रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में कई बैठकें कीं।
यह भी पढ़ें: बिहार में सियासी हलचल के बीच राहुल गांधी दिल्ली रवाना, न्याय यात्रा पर दो दिन का ब्रेक
भाजपा के नीतीश कुमार का अपने खेमे में स्वागत करने के लिये तैयार होने को लेकर चर्चाओं के बीच भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी, सुशील मोदी और विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।
Published : 26 January 2024, 3:22 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Bihar Politics Nitish Kumar अखिलेश यादव एनडीए नई दिल्ली नीतीश कुमार बिहार सपा प्रमुख सियासत