
भीलवाड़ा: राजस्थान की भीलवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दामोदर अग्रवाल के समर्थन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण के आधार पर राजनीति करती है। अब हमारी सरकार पेपर लीक मामले पर कार्रवाई कर रही है। युवाओं के सपने को कभी कम नहीं होने देंगे चाहे कितना भी बड़ा आदमी हो अब वह सलाखों के पीछे होगा।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने चुनावी जनसभा में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार हो हम जो भी वादा करते हैं उस वादे को पूरा करते हैं। यह भाजपा की और मोदी की सरकार है। मोदी के ऊपर पूरे देश की जनता का भरोसा है। मोदी जो कहते हैं वह करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो भगवान श्री राम को काल्पनिक बताते भी हलफनामा दे दिया था और लिखा कि अयोध्या में राम जी पैदा ही नहीं हुए थे। कांग्रेस ने राम मंदिर का निमंत्रण भी ठुकरा दिया था।
प्रदेश मे हमारी सरकार जब सत्ता में आई तब हमने कहा था कि जो युवाओं के सपने को तोड़ने का काम किया है उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी । भारतीय जनता पार्टी है जो कहती है वह करती है। मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान सीएम भजनलाल की मौजूदगी में भीलवाड़ा शहर से विधायक अशोक कोठारी ने भाजपा को समर्थन दिया, प्रदेश के सहप्रभारी विजया राहटकर ने भाजपा से निष्काशित पूर्व जिला अध्यक्ष लादू लाल तेली ,नगर परिषद के उपसभापति रामनाथ योगी, पूर्व नगर विकास न्यास के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
Published : 5 April 2024, 3:22 PM IST
Topics : Bhilwara CM Bhajanlal Sharma Congress public meeting दामोदर अग्रवाल भाजपा प्रत्याशी भीलवाड़ा राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा