Bharat Ratna 2025: भारत रत्न के लिये इन 3 नामों पर चर्चा तेज़, देखिए किन्हें मिल सकता है देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

इस साल भारत रत्न के लिए देश में 3 नामों की चर्चा की जा रही है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिए इस साल किन्हें मिल सकता है देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

Updated : 25 January 2025, 1:21 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न को पाना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात होती है। इस साल भारत रत्न से सम्मानित किए जाने वाले नागरिकों के नाम की घोषणा की जाएगी। ऐसे में सबके मन में पहले ही ये विचार आने लगता है कि इस साल किन लोगों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। चलिए हम आपको कुछ ऐसे नामों के बारे में बताते हैं, जिनकी चर्चा 2025 में भारत रत्न के लिए की जा रही है। 

रतन टाटा

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, इनमें सबसे पहले नाम आता है उद्योगपति दिवंगत रतन टाटा का। रतन टाटा सिर्फ उद्योगपति नहीं थे बल्कि वह एक परोपकारी और समाज के लिए कल्याण करने वाले इंसान थे, जिनकी वजह से लाखों लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवा तक, उनकी पहल ने एक गहरी छाप छोड़ी है, जिससे आने वाली कई पीढ़ियों को लाभ मिलेगा। रतन टाटा के योगदान को देखते हुए इन्हें भारत रत्न दिए जाने के लिए इनके नाम की खूब चर्चा हो रही है। 

रतन टाटा के निधन के बाद कई राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के लोगों ने एकजुट होकर सरकार से इस पुरस्कार पर विचार करने का आग्रह किया था। इसके जवाब में, महाराष्ट्र कैबिनेट ने 10 अक्टूबर को एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, जिसमें केंद्र से टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष को भारत रत्न से सम्मानित करने का अनुरोध किया गया था। 

डॉ. मनमोहन सिंह

भारत रत्न के लिए देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नाम की भी खूब चर्चा हो रही है। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद तेलंगाना विधानसभा ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारत रत्न से सम्मानित करने का  आग्रह केंद्र सरकार से किया था। मनमोहन सिंह को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी द्वारा पेश प्रस्ताव को विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकार भी कर लिया गया है।

बाला साहेब ठाकरे

शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाला साहेब ठाकरे को भी भारत रत्न दिये जाने की चर्चा तेज़ है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता सुनील प्रभु और संजय राउत ने बाला साहेब ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग की है। विधायक सुनील प्रभु ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर बाला साहेब को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की।

इन नामों पर भी हो रही है चर्चा

भारत रत्न के लिए रतन टाटा, डॉ. मनमोहन सिंह और बाला साहेब ठाकरे के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर, समाजसेवी ज्योतिबा फुले के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। 

Published : 
  • 25 January 2025, 1:21 PM IST

Advertisement
Advertisement