हिंदी
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ह्रदयविदारक घटना सामने आयी है। एक कलयुगी मां ने अपनी दुधमुहे बच्चे को मौत के घाट उतार दिया। मां ने 5 महीने के बच्चे को घर में लगी पानी की टंकी में डुबोकर मार डाला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी मां को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें: कुएं में गिरे भाई-बहन, डूबने से हुई मौत
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जैसे ही इसकी जानकारी ससुराल वालों को हुई तो घर मे कोहराम मच गया। वहीं, गांव में सनसनी फैल गई। हर कोई ये जानकर हैरान था कि क्या कोई मां इस हद तक भी जा सकती है कि वह अपने ही दुधमुंहे बच्चे की हत्या कर दे।
पूरा मामला बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के अमारी बाजार का है। यहां एक मां ने अपने ही 5 महीने के दुधमुंहे बच्चे को मौत के घाट उतार दिया। जिसके चलते इलाके में सनसनी फैल गई। जिस वक्त मां ने इस घटना को अंजाम दिया घर पर कोई नहीं था। सभी पड़ोस की एक शादी में शरीक होने गए थे। लौटने पर उनके होश उड़ गए।
यह भी पढ़ें: यूपी में दर्दनाक हादसा, बस्ती में करंट लगने से मां समेत दो बच्चों की मौत
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला घर पर अकेली थी। इस दौरान वह अपने बच्चे को लेकर छत पर चली गई और पानी की टंकी का ढक्कन खोलकर मासूम को उसमें तब तक डुबोए रखा जब तक की उसकी जान नहीं चली गई। ससुराल वाले शादी से घर आए तो मासूम का शव देख सिहर उठे।
परिजनों ने जब बहू से बच्चे की मौत का कारण पूछा तो उसने बताया कि मैंने ही बच्चे को मार डाला है। यह सुनकर ससुराल वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और हत्यारोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया।
परिजनों का कहना है कि बहू पर भूत प्रेत का साया है, वह मानसिक रूप से ठीक नहीं थी। जिस वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया। वह काफी दिनों से अजीब व्यवहार कर रही थी। फिलहाल, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
Published : 22 April 2024, 11:34 AM IST
Topics : Baby Basti Killed mother उत्तर प्रदेश कलयुगी मां बच्चा बस्ती मासूम मौत
No related posts found.