Crime in Delhi: आक्रोशित भीड़ ने किया थाने का घेराव, आरोपितों को फांसी की मांग, पढ़िये लड़की को 4KM तक घसीटने की ये दर्दनाक कहानी

डीएन ब्यूरो

राजधानी दिल्ली में 5 लड़कों द्वारा लड़की को 4KM तक घसीटने की घटना और लड़की की दर्दनाक मौत के मामले में लोगों का आक्रोश चरम पर है। भीड़ ने सुल्तानपुरी थाने को घेरा और आरोपितों को फांसी देने की मांग की है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

पुलिस ने पांचों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने पांचों आरोपियों को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नये साल के जश्न के दौरान एक लड़की की दर्दनाक मौत के दिल दहला देने वाले मामले से हर कोई स्तब्ध है। नये साल की पार्टी मनाकर लौट रहे कार सवार 5 लड़के एक लड़की को 4 किलोमीटर तक घसीटते रहे, जिससे लड़की की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में पुलिस की थ्योरी पर भी सवाल उठाये जा रहे हैं। घटना से गुस्साये लोगों ने सोमवार को सुल्तानपुरी थाने का घेराव किया और आरोपियों को फांसी देने की मांग की। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र में कई किलोमीटर तक घसीटने से युवती की मौत के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) ने उपराज्यपाल के पद से विनय कुमार सक्सेना को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना में शामिल सभी 5 आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से बहुत दुखी हूं, हम सब को यही प्रयास करना है कि इस में शामिल अपराधियों को फांसी की सजा हो।

आप ने कहा कि इस मामले में जो पांचवां आरोपित मनोज मित्तल है, वह भाजपा का नेता है। सुल्तानपुरी थाने के पास ही उसका होर्डिंग लगा हुआ है। जिस थाने में उसे रखा गया है। आप ने आरोप लगाया है कि इसलिए इस मामले में लीपापोती की जा रही है। इसके अलावा आप ने सवाल उठाया है कि अभी तक इलाके के डीसीपी और थानाध्यक्ष को निलंबित क्यों नहीं किया गया है। 

बता दें कि इस घटना में बुरी तरह लहूलुहान लड़की को रविवार तड़के निर्वस्त्र हालत में सड़क किनारे से बरामद किया गया। सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि करीब 20 साल की लड़की स्कूटी से अपने घर जा रही थी, उसी दौरान एक कार में सवार पांच लड़के रास्ते से गुजरे तो उनकी कार से स्कूटी का एक्सीडेंट हो गया। इसके बाद कार करीब 4 किलोमीटर तक लड़की को सुल्तानपुर से कंझावला इलाके तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान लड़की के शरीर से सारे कपड़े अलग हो गए। लड़की के शरीर में काफी चोटें आई थी, जिस कारण लड़की ने दम तोड़ दिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

1. दीपक खन्ना पुत्र राजेश खन्ना, उम्र 26 वर्ष. ग्रामीण सेवा में चालक के पद पर कार्यरत है।
2. अमित खन्ना पुत्र स्वर्गीय राज कुमार खन्ना, उम्र 25 वर्ष. उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड्स के लिए काम करता है।
3. कृष्ण पुत्र काशी नाथ, उम्र 27 वर्ष. सीपी नई दिल्ली में स्पेनिश कल्चर सेंटर में काम करता है।
4. मिथुन पुत्र शिव कुमार, उम्र 26 वर्ष. नरैना में हेयर ड्रेसर का काम करता है।
5. मनोज मित्तल पुत्र सुरेंद्र मित्तल, उम्र 27 वर्ष. पी ब्लॉक सुल्तान पुरी में राशन डीलर के पद पर कार्यरत है।










संबंधित समाचार