हिंदी
बेंगलुरू: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे के पूर्व अनुभवी क्रिकेटर एंडी फ्लावर को मुख्य कोच बनाया जिससे माइक हेसन और संजय बांगड़ के साथ नाता भी टूट गया ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, आरसीबी के क्रिकेट परिचालन निदेशक हेसन और मुख्य कोच बांगड़ का अनुबंध सितंबर तक था लेकिन फ्रेंचाइजी ने उसका नवीनीकरण नहीं करने का फैसला किया ।
आरसीबी के उपाध्यक्ष और प्रमुख राजेश मेनन ने लंदन में फ्लावर से मुलाकात की जिसके बाद उनके नाम का ऐलान किया गया ।
पिछले दो सत्र में आईपीएल की लखनऊ सुपर जाइंट्स के कोच रहे फ्लावर ने कहा ,‘‘ मुझे आरसीबी से जुड़ने का फख्र है । माइक हेसन और संजय बांगड़ ने काफी मेहनत की है और अब मैं आरसीबी को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने की कोशिश करूंगा ।’
फ्लावर 12 साल तक इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ भी रहे । वह 2007 में पीटर मूर्स के साथ सहायक कोच बने थे और दो साल बाद मुख्य कोच बने । उनके मुख्य कोच रहते इंग्लैंड की टेस्ट टीम नंबर एक बनी , टी20 विश्व कप 2010 जीता और 2010 . 11 में आस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला जीती ।
फ्लावर आईपीएल में लखनऊ से पहले पंजाब किंग्स के साथ भी रह चुके हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं फाफ डु प्लेसी के साथ फिर काम करके खुश हूं । हम पहले भी साथ काम कर चुके हैं और अब इस साझेदारी को बड़ा बनायेंगे ।’’
हेसन और बांगड़ ने अपनी रवानगी की पुष्टि करते हुए फ्रेंचाइजी को काम करने का मौका देने के लिये धन्यवाद दिया है ।
हेसन ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘पिछले चार सत्र में तीन में हम प्लेआफ में पहुंचे लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सके । सभी खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और प्रशंसक इसका इंतजार कर रहे थे । ’’
उन्होंने कहा ,‘‘आरसीबी छोड़ने का दुख है लेकिन मैदान के भीतर और बाहर बेहतरीन लोगों के साथ काम करने का सुनहरा अनुभव रहा है । मैं टीम प्रबंधन को इस मौके के लिये धन्यवाद देता हूं और नयी कोचिंग टीम को शुभकामना भी ।’’
Published : 4 August 2023, 6:52 PM IST
Topics : Andy Flower IPL Royal Challengers Bangalore क्रिकेटर जिम्बाब्वे माइक हेसन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर संजय बांगड़
No related posts found.