हिंदी
लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में अमेठी या रायबरेली में शामिल होंगे। सपा ने मंगलवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ आज ओडिशा में प्रवेश करेगी
सपा ने बयान जारी कर कहा, ''राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में सम्मिलित होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी का निमंत्रण प्राप्त हुआ।’’
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार बयान में कहा गया, ‘‘अखिलेश यादव जी ने कांग्रेस को बधाई देते हुए निमंत्रण स्वीकार किया एवं 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद अमेठी या रायबरेली में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दी।’’
अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘आशा है ये ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ उप्र में प्रवेश करके पीडीए की रणनीति से जुड़ेगी और हमारे ‘सामाजिक न्याय’ एवं ‘परस्पर सौहार्द’ के आंदोलन को और आगे ले जाएगी। 'इंडिया' की टीम और 'पीडीए' की रणनीति, जीत का नया इतिहास लिखेगी।’’
सपा नियमित रूप से विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठकों में शामिल होती रही है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है।
सपा, जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के साथ गठबंधन में है और सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के साथ उसका लोकसभा चुनावों को लेकर कोई औपचारिक समझौता नहीं है, उसने हाल ही में उप्र में आगामी संसदीय चुनावों में प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस को 11 सीटों की पेशकश की है।
कांग्रेस के पास इस समय रायबरेली से सोनिया गांधी के रूप में एक सांसद हैं। पिछले आम चुनाव में सपा ने मूल रूप से मायावती की बसपा के साथ साझेदारी में पांच सीटें जीती थीं। इसके बाद हुए उपचुनावों में पार्टी आजमगढ़ और रामपुर की दो सीटें हार गई थी।
कांग्रेस की उप्र इकाई द्वारा जारी बयान के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समर्थन में आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘ज्योत से ज्योत जलाते चलो’ की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और कवि प्रदीप की पुत्री मेतुल प्रदीप ने दीप प्रज्वलन कर की।
बयान के मुताबिक, कार्यक्रम में कवियों के द्वारा कविता पाठ कर प्रेम, भाईचारा और मानवता का संदेश दिया गया, यह कार्यक्रम छह फरवरी से 12 फरवरी तक चलेगा और इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में जनपद मुख्यालयों और ब्लाक, मंडल पर बाजारों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के न्याय के उद्देश्य को आम जनमानस को बताने का काम करेंगे।
‘ज्योत से ज्योत जलाते चलो’ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए अविनाश पांडे ने कहा की राहुल गांधी देश में मानवता, प्रेम और भाईचारा के संदेश को लेकर चल रहें हैं, जहां एक तरफ भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दिन रात देश में ‘‘जहर घोलकर’’ देश को पीछे ले जाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी इस देश की एकता और अखंडता के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि हम अपने नेता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश के संविधान को बचाने के लिए और उसके महत्व को बरकरार रखने के लिए साथ चलें और समर्थन दें।’’
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘‘हम सब मजबूती से डटकर राहुल गांधी के साथ खड़े हैं, पूरा उत्तर प्रदेश सहित देश का एक-एक व्यक्ति इस बात को समझ रहा है कि राहुल गांधी एवं कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो उनके अधिकारों के लिए लड़ रही है, जनता भाजपा के जहर जाल को समझ चुकी है। 2024 में भाजपा की विदाई तय है।’’
Published : 7 February 2024, 10:58 AM IST
Topics : Akhilesh Yadav Bharat Jodo Nyay Yatra Rahul Gandh uttar pradesh अखिलेश यादव अमेठी भारत जोड़ो न्याय यात्रा राहुल गांधी लखनऊ समाजवादी पार्टी