
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी द्वारा यहां आयोजित जनादेश महारैली में पार्टी नेताओं ने एक बार अखिलेश यादव को यूपी की सत्ता सौंपने का संकल्प दोहराया। समाजवादी पार्टी के कुनबा बढ़ाओ अभियान के तहत अम्बेडकर नगर के दो कद्दावर नेताओं लालजी वर्मा तथा रामअचल राजभर को पार्टी में शामिल करने की औपचारिकता निभाने के बाद अखिलेश यादव ने रविवार को अम्बेडकर नगर में जनादेश रैली को संबोधित किया।
अखिलेश यादव ने जनादेशरौली को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव दरअसल लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह युवाओं के भविष्य का चुनाव है। भाजपा सरकार नें नौकरी नहीं है, रोजगार नहीं है। युवा, किसान और हर आम आदमी परेशान है। अखिलेश ने कहा जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ये चुनाव आपके भविष्य का फैसला करने वाले हैं। इस बार भाजपा का सफाया करना है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार समेत सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे बाबा सीएम लाल रंग से घबराते हैं। महंगाई इतनी बढ़ा चुके हैं कि न जाने वो कब सिंलेंडर का रंग भी बदल दें। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली में नौकरी और रोजगार के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर कई दावे किये जा रहे है। लेकिन यहां युवा नौकरी के लिये भटक रहे हैं। किसान और गरीब परेशान है।
उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार ने कोरोना काल में गरीबों को अनाथ छोड़ा। कई लोगों की जान गई। दाह संस्कार का भी इंतजाम नहीं किया गया। अखिलेश ने कहा कि लोगों के मन में इस सरकार को लेकर बेहद गुस्सा है। यह रैली इतिहास को लिखेगी और यूपी की जनता 2022 में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फैंकेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। किसानों को गाड़ी से कुचलने का काम किया गया है। तीन इंजन की सरकार ने किसानों को कुचला। एक सरकार केन्द्र की, एक सरकार उत्तर प्रदेश की और एक सरकार लखीमपुर खीरी की है। लखीमपुर खीरी की सरकार तो अलग ही चल रही है। भाजपा सरकार ने अन्याय बढ़ाने के साथ भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। किसान के धान की खरीद नहीं हो रही है। भाजपा के शासन में बुनकर भी परेशान हैं। सरकार कोई भी इंतजाम नहीं कर पा रही है।
अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा डॉ. राममनोहर लोहिया के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे इन महापुरुषों ने भी समतामूलक समाज का सपना देखा था, उसे पूरा किया जा सकता है। डा भीमराव और लोहिया चाहते थे कि देश में परिवर्तन हो, बेहतरी हो। इन्हें भेदभाव में जीना पड़ा। अब वक्त उनके लिये कुछ करने का है। समाजवादी पार्टी उन प्रयासों को पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि लोगों में उत्साह साफ दिख रहा है। यह जनसैलाब इतिहास लिखेगा। जनादेश रैली में अखिलेश यादव ने राम अचल राजभर व लालजी वर्मा का स्वागत किया। बसपा से आये नेताओं से उन्होंने कहा कि आपको समाजवादी लोग पूरा सम्मान देंगे।
Published : 7 November 2021, 3:29 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav अखिलेश यादव अंबेडकरनगर उत्तर प्रदेश जनसभा जनादेश महारैली विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी