हिंदी
मुंबई: एअर इंडिया अपनी एक उड़ान में तकनीकी खामी के कारण रूस में फंसे यात्रियों को अमेरिका में उनके गंतव्य सैन फ्रांसिस्को तक पहुंचाने के लिए बुधवार दोपहर एक बजे मुंबई से एक विमान मैगाडन (रूस) भेजेगी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार विमानन कंपनी ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, “आवश्यक विनियामक मंजूरी के बाद सात जून को दोपहर एक बजे मुंबई से जीडीएक्स (मगदान) के लिए एक विमान रवाना करने का फैसला किया गया है, जो एआई173 के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सैन फ्रांसिस्को ले जाएगा।”
बयान के मुताबिक, विमान रूस में फंसे यात्रियों के लिए भोजन व अन्य जरूरी वस्तुएं भी लेकर जाएगा।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या एइआई-173 छह जून को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई थी, तभी बीच रास्ते में विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने की जानकारी मिली थी।
विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। इसे रूस के मैगाडन हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया था।
Published : 7 June 2023, 2:54 PM IST
No related posts found.