Site icon Hindi Dynamite News

मुकदमे की पैरवी से वापस लौटने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, कई घायल, जानिए ये पूरा मामला

महराजगंज जनपद से मुकदमे की पैरवी कर नौतनवा लौट रहे दो पक्षों में हनुमान गढ़िया चौराहे पर जमकर मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। दोनों पक्ष के लोग नौतनवा थाने पहुंचे। पढें डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
मुकदमे की पैरवी से वापस लौटने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, कई घायल, जानिए ये पूरा मामला

नौतनवा (महराजगंज): मुकदमे की पैरवी कर बृहस्पतिवार की देर शाम महाराजगंज से वापस आ रहे दो पक्ष के लोगों  में जमकर मारपीट हुई जिससे दोनों पक्ष के लोग लहूलुहान हो गए। 
मिली जानकारी के अनुसार नौतनवा थाना क्षेत्र के चकदह गांव निवासी रामप्रसाद की लड़की की शादी परसा मलिक थाना क्षेत्र के परसा गांव में हुई थी।

करीब 6 वर्ष पूर्व राम प्रसाद की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी और उसका मृत शरीर गांव के बाहर पोखरे में पाया गया था।

जिस पर मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। 
इस मामले में वर्ष 2019 में लड़की के पिता राम प्रसाद की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का मुकदमा  परसा मलिक थाने में दर्ज हुआ था। जिसका ट्रायल महाराजगंज के न्यायालय में हो रहा है।
18 अप्रैल को मुकदमे की सुनवाई थी। पैरवी के लिए दोनों पक्ष के लोग न्यायालय गए थे।  

बृहस्पतिवार को देर शाम वापस आ रहे थे। पहले से ही एक दूसरे से नाराज चल रहे दोनों पक्ष के लोग जैसे ही हनुमान गढ़िया चौराहे पर पहुंचे, तो मामला गाली गलौज से शुरू हो कर मारपीट  में बदल गया। दोनों पक्ष के लोग लहूलुहान हो गए।

किसी ने इसकी सूचना फोन कर थाने पर दे दी। सूचना पाते ही नौतनवा पुलिस हरकत में आ गई।

नौतनवा पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक दोनों पक्ष एक दूसरे के ऊपर मुकदमा दर्ज कराने के लिए नौतनवा थाने पहुंच चुके थे। जहां देर रात तक एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।

मृतिका  का भाई प्रमोद यादव अभियुक्त पक्ष के चंद्रभान आदि के ऊपर मुकदमे में सुलह समझौता करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा रहा था। तो दूसरा पक्ष इसे मनगढ़ंत बता रहा था। दोनों पक्षों के बीच हुई कड़ी मशक्कत के बाद देर रात दोनों पक्ष के लोगों में सुलह समझौता हो गया।
बोले एसएचओ 
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज राय ने कहा कि हमें किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामला संज्ञान में है। दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्ष आपस में सुलह समझौता कर लिए हैं।

Exit mobile version