हिंदी
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद से ही पूरे देश में शोक की लहर है। इस बीच केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री की याद में एक स्मारक बनाने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से इसकी जानकारी दी गई कि शुक्रवार सुबह कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए सरकार को जगह आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।
डाइनामइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, कैबिनेट बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार को बताया है कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनाने के लिए जगह आवंटित करेगी। इसी बीच अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकती है। स्मारक बनाने के लिए ट्रस्ट का गठन किया जाएगा, और फिर इसके लिए जगह आवंटित की जाएगी।
निगमबोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार
देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज पूरे राजकीय सम्मान से साथ दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया जायेगा। गृह मंत्रालय के मुताबिक पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार 11.45 बजे होगा।
अंतिम संस्कार से पहले डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को अबसे थोड़ी देर बाद 8.30 से 9.30 बजे तक कांग्रेस मुख्यालय में रखा जायेगा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन कर सकेंगे और उनको अपनी श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
92 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
बता दें कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर, गुरुवार देर रात को 92 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। AIIMS ने खुद उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. सिंह ने रात 9 बजकर 51 मिनट पर दुनिया को अलविदा कह दिया।
Published : 28 December 2024, 8:16 AM IST
No related posts found.