IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स में होगी युवराज सिंह की एंट्री, संभाल सकते हैं बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ में शामिल होने की चर्चा है। जानिए क्या होगी उनकी संभावित भूमिका और क्यों माना जा रहा है यह बड़ा कदम।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 6:11 PM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर Yuvraj Singh को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2027 से पहले युवराज सिंह Delhi Capitals के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह आईपीएल में उनके कोचिंग करियर की पहली आधिकारिक भूमिका होगी।

फ्रेंचाइजी के सह-मालिक समूह JSW Sports अगले दो वर्षों के लिए टीम संचालन की कमान संभालने जा रहा है। इसके चलते टीम के सपोर्ट स्टाफ और प्रबंधन में कई बड़े बदलावों की संभावना जताई जा रही है।

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को सपोर्ट स्टाफ का प्रमुख बनाया जा सकता है, जबकि युवराज सिंह को खिलाड़ियों के विकास और बल्लेबाजी मार्गदर्शन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

पहली बार कोचिंग रोल में दिख सकते हैं युवराज

हालांकि युवराज सिंह ने अब तक किसी आईपीएल टीम में आधिकारिक कोचिंग भूमिका नहीं निभाई है, लेकिन उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत स्तर पर मार्गदर्शन दिया है। इनमें अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma), प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh), संजू सैममन (Sanju Samson), प्रयांश आर्य (Priyansh Arya) और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि युवराज का अनुभव और युवा खिलाड़ियों के साथ उनका जुड़ाव दिल्ली कैपिटल्स के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

पूर्व खिलाड़ियों की राह पर युवराज

आईपीएल में कई पूर्व भारतीय खिलाड़ी सफल कोचिंग भूमिकाएं निभा चुके हैं। Ashish Nehra, Zaheer Khan और Virender Sehwag जैसे नाम इस सूची में शामिल हैं। अब युवराज सिंह भी इसी दिशा में कदम बढ़ाते नजर आ सकते हैं।

युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने ICC World Twenty20 2007 और ICC Cricket World Cup 2011 में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

वनडे क्रिकेट में युवराज ने 304 मैचों में 8,701 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 40 टेस्ट और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।

दिल्ली कैपिटल्स को मिल सकता है नया मार्गदर्शक

यदि युवराज सिंह की नियुक्ति पर मुहर लगती है तो दिल्ली कैपिटल्स को एक ऐसा क्रिकेट दिमाग मिलेगा, जिसने बड़े टूर्नामेंटों में दबाव झेलते हुए टीम को जीत दिलाई है। युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता फ्रेंचाइजी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Location :  New Delhi

Published :  19 June 2026, 6:11 PM IST