15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास! टीम इंडिया में हुई एंट्री, कई बड़े खिलाड़ियों को नहीं मिला मौका

भारतीय क्रिकेट में एक ऐसा नाम तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है, जिसने कम उम्र में वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके लिए खिलाड़ी वर्षों तक मेहनत करते हैं। आखिर कौन हैं यह युवा खिलाड़ी और क्यों हो रही है इतनी चर्चा?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 June 2026, 2:38 PM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचा गया है। महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट टीम में जगह मिली है। इसके साथ ही वह भारतीय टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। वैभव का चयन जून-जुलाई में होने वाली आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के साथ-साथ सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए किया गया है।

इस उपलब्धि ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, लेकिन वैभव ने इसे रिकॉर्ड में बदल दिया है।

टूट गया शेफाली और सचिन का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम में चयनित होने के मामले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम था। जब शेफाली का चयन हुआ था, तब उनकी उम्र 15 साल 220 दिन थी।

T20 में बड़ा उलटफेर: श्रेयस अय्यर बने टीम इंडिया के नए कप्तान, सूर्यकुमार यादव की छुट्टी

वहीं पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन को 16 साल 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह मिली थी। वैभव ने दोनों रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।

अब डेब्यू रिकॉर्ड पर भी नजर

रिकॉर्ड सिर्फ चयन तक सीमित नहीं है। अगर वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे या एशियन गेम्स के दौरान एक भी मैच खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले क्रिकेटर भी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड भी शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब वैभव के संभावित डेब्यू पर टिकी हुई है।

IPL में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

वैभव सूर्यवंशी का चयन अचानक नहीं हुआ है। उन्होंने आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने चयनकर्ताओं को प्रभावित कर दिया। पूरे सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की।

इतना ही नहीं, उन्होंने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कई बड़े पुरस्कार भी जीते। पूरे टूर्नामेंट में उनका आक्रामक खेल चर्चा का विषय बना रहा। विशेष रूप से उनका 36 गेंदों में लगाया गया शतक क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बन गया। इसके अलावा वह तीन बार 90 से 100 रन के बीच आउट हुए, जिससे उनकी निरंतरता भी साफ नजर आई।

टी-20 टीम में बड़ा बदलाव

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले के साथ ही पिछले टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी की राह नहीं आसान: कांटों भरा है ताज, ‘अय्यर सेना’ के सामने होंगी ये 3 सबसे बड़ी चुनौतियां

इन खिलाड़ियों को मिला मौका

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टी-20 टीम में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को शामिल किया गया है।

वहीं एशियन गेम्स की टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जिससे टीम और मजबूत नजर आ रही है।

Location :  New Delhi

Published :  6 June 2026, 2:38 PM IST