
प्रतीकात्मक छवि (Img X)
नई दिल्ली: आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले खिलाड़ियों की रजिस्ट्रेशन लिस्ट में एक दिलचस्प संयोग देखने को मिला है। एक तरफ अफगानिस्तान के 41 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी हैं, तो दूसरी तरफ बिहार के महज 15 वर्षीय वासुदेव प्रसाद सिंह हैं। नबी नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जबकि वासुदेव सबसे युवा खिलाड़ी हैं। दोनों की उम्र में 26 साल का अंतर है। दिलचस्प बात यह है कि वासुदेव के जन्म से पहले ही मोहम्मद नबी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रख चुके थे।
मोहम्मद नबी ने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनके पास करीब 17 वर्षों का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है। वहीं, बिहार के वासुदेव प्रसाद सिंह अभी महज 15 साल के हैं। उनकी उम्र आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी के बराबर है।
मोहम्मद नबी अफगानिस्तान के सबसे अनुभवी क्रिकेटरों में शामिल हैं। उन्होंने अपने देश के लिए तीन टेस्ट, 181 वनडे और 155 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 33 रन और आठ विकेट दर्ज हैं। वनडे में उन्होंने 3,801 रन बनाने के साथ 181 विकेट चटकाए हैं। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नबी ने 2,509 रन बनाए हैं और 111 विकेट हासिल किए हैं।
मोहम्मद नबी ने आईपीएल में अब तक 24 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 215 रन बनाए और 15 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 11 रन देकर चार विकेट लेना रहा है।
नबी सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं। साल 2022 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के स्क्वाड का भी हिस्सा थे, लेकिन उन्हें कोई मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। साल 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के बाद अब वह आईपीएल में नई पारी की तलाश में हैं।
वैभव सूर्यवंशी के बाद अब बिहार के 15 वर्षीय वासुदेव प्रसाद सिंह ने आईपीएल नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है। हालांकि, रजिस्ट्रेशन कराने का मतलब नीलामी में जगह मिलना या किसी फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदा जाना नहीं है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वासुदेव अंतिम नीलामी सूची में जगह बना पाते हैं या नहीं।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 11:03 AM IST