
शेफाली वर्मा ने खेली शानदार पारी (सोर्स- IANS)
New Delhi: भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को आसान जीत दिलाई। 34 गेंदों पर 53 रन की आक्रामक पारी खेलने के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। हालांकि, इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के बावजूद शेफाली ने माना कि उन्हें इस बात का मलाल है कि वह अपनी पारी को अंत तक नहीं ले जा सकीं। उनका कहना है कि यदि वह नॉटआउट रहतीं तो उन्हें अपनी पारी से और भी ज्यादा संतुष्टि मिलती।
ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 136 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 137 रनों का लक्ष्य महज 16.5 ओवर में हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत की जीत की नींव शेफाली वर्मा की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने रखी। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बनाने में अहम भूमिका निभाई।
मैच के बाद शेफाली ने अपनी बल्लेबाजी पर खुशी जताते हुए कहा कि आज उनका आत्मविश्वास अच्छा था और वह रन बनाने में सफल रहीं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय टीम की रणनीति बेहद सरल थी। बल्लेबाजों ने तय किया था कि खराब गेंदों पर चौका या छक्का लगाया जाएगा और अन्य गेंदों पर सिंगल लेकर स्ट्राइक रोटेट की जाएगी। उनके अनुसार टीम के बीच किसी तरह की जटिल रणनीति नहीं थी, बल्कि अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा ही जीत की कुंजी रहा।
शेफाली ने अपनी बल्लेबाजी के बारे में बताया कि वह केवल सही गेंद का इंतजार करती हैं। जो गेंद उनके जोन में आती है, उस पर आक्रामक शॉट खेलती हैं और बाकी गेंदों पर सिंगल लेने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनने में आसान लगता है, लेकिन मैच के दौरान इसे लागू करना चुनौतीपूर्ण होता है। इस मुकाबले में उन्होंने खुद से लगातार सकारात्मक बातचीत की, जिसका असर उनकी बल्लेबाजी में साफ दिखाई दिया।
T20 Women’s World Cup: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के लिये भारत को करना होगा केवल ये काम
शेफाली नौवें ओवर में स्टंप आउट होकर पवेलियन लौटीं। उन्होंने स्वीकार किया कि जिस तरह से उनकी पारी समाप्त हुई, उससे उन्हें निराशा हुई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह नेट्स में नई और पुरानी दोनों गेंदों से अभ्यास करती हैं और टीम की जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी करने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। शेफाली ने कप्तान हरमनप्रीत कौर का आभार जताते हुए कहा कि गेंदबाजी के दौरान कप्तान उन्हें पूरा आत्मविश्वास देती हैं और बेहतरीन फील्ड सेट कर उनका हौसला बढ़ाती हैं।
(इनपुट- IANS)
Location : New Delhi
Published : 26 June 2026, 7:42 AM IST