
कामाख्या देवी मंदिर पहुंचे रोहित शर्मा और तिलक वर्मा (Img: X)
Guwahati: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की हालिया हार के बाद टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आस्था का सहारा लिया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले रोहित शर्मा गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उनके साथ टीम के युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा भी नजर आए।
मंदिर दर्शन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर में प्रवेश करते देखा जा रहा है। जैसे ही रोहित और तिलक मंदिर से बाहर निकले, वहां मौजूद फैंस की भारी भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया। ‘हिटमैन’ की एक झलक पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
दरअसल, मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद टीम पर दबाव बढ़ गया है, खासकर तब जब टूर्नामेंट अभी शुरुआती दौर में है और हर मैच बेहद अहम माना जा रहा है।
KKR vs PBKS: आज ईडन में बड़ा मुकाबला, बारिश बनेगी विलेन या बरसेंगे रन? जानें पिच रिपोर्ट से…
अब मुंबई इंडियंस की अगली भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होनी है।
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने अब तक खेले गए दो मुकाबलों में से एक में जीत हासिल की है, जबकि एक में हार झेली है। टीम फिलहाल छठे स्थान पर है और उसके पास 2 अंक हैं। हालांकि नेट रनरेट -0.206 होने के कारण टीम को अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए आगामी मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है।
रोहित शर्मा के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। पहले मुकाबले में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 78 रन बनाए थे, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल थे। लेकिन दूसरे मैच में अच्छी शुरुआत के बावजूद वह अपनी पारी को बड़ा स्कोर में तब्दील नहीं कर सके और 35 रन बनाकर आउट हो गए।
टीम के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि शुरुआती मैचों में मिली हार का असर पूरे टूर्नामेंट पर पड़ सकता है। ऐसे में रोहित शर्मा का यह आध्यात्मिक कदम टीम के मनोबल को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है। अब सभी की नजरें राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं।
Location : Guwahati
Published : 7 April 2026, 9:58 AM IST