दोहा डायमंड लीग में नहीं गूंजेगी भाला फेंक हुंकार, इंजरी के बाद रिस्क नहीं लेना चाहते Neeraj Chopra

भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पीठ की चोट के कारण 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे। आगामी कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स को देखते हुए उन्होंने रिकवरी पर ध्यान दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 June 2026, 12:01 PM IST

New Delhi : भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर Neeraj Chopra के फैंस के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। 19 जून को आयोजित होने वाली दोहा डायमंड लीग 2026 में अब नीरज हिस्सा नहीं लेंगे। पीठ में आई चोट के चलते उन्होंने प्रतियोगिता से अपना नाम वापस लेने का फैसला लिया है। एथलेटिक्स जगत में इस खबर को बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि नीरज इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।

फिटनेस पर पूरा फोकस

चोट से उबरने के लिए नीरज इन दिनों स्विट्जरलैंड के बियेन शहर में खास ट्रेनिंग प्रोग्राम में जुटे हुए हैं। करीब 47 दिनों के इस कैंप में वह अपने कोच जय चौधरी और फिजियो ईशान मारवाह की देखरेख में अभ्यास कर रहे हैं। उनका मुख्य लक्ष्य आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करना है।

कहा जा रहा है कि फिलहाल किसी भी खतरे से बचना नीरज और भारतीय एथलेटिक्स दोनों के लिए बेहतर फैसला है। यही वजह है कि उन्होंने दोहा में खेलने की बजाय रिकवरी को चुना।

Neeraj Chopra: भारत में पहली बार होगी विश्व स्तरीय भाला फेंक प्रतियोगिता, जानिए क्या है खास

दोहा का मैदान रहा है खास

दोहा डायमंड लीग का नाम आते ही नीरज की ऐतिहासिक उपलब्धि याद आती है। साल 2025 में इसी प्रतियोगिता में उन्होंने 90.23 मीटर दूर भाला फेंककर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। यह उनके करियर का पहला मौका था जब उन्होंने 90 मीटर की प्रतिष्ठित दूरी को पार किया था।

हालांकि उस मुकाबले में जर्मनी के Julian Weber ने 91.06 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन नीरज का प्रदर्शन भारतीय खेल इतिहास के यादगार पलों में शामिल हो गया था।

ओलंपिक मंच पर रचा इतिहास

नीरज चोपड़ा का नाम भारतीय खेलों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने 87.58 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश को एथलेटिक्स में पहला ओलंपिक गोल्ड दिलाया था। इसके बाद पेरिस ओलंपिक में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 89.45 मीटर का थ्रो किया और रजत पदक अपने नाम किया।

Location :  New Delhi

Published :  13 June 2026, 12:01 PM IST