
ऋषभ पंत (Photp Source Internet)
Lucknow: लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान Rishabh Pant पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा एक्शन लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) के चलते उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया था, जहां लखनऊ सुपर जाएंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया था। जीत के बावजूद टीम पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई सामने आई है।
BCCI की ओर से जारी बयान के अनुसार यह कार्रवाई आईपीएल 2026 की आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत की गई है, जो न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित है।
चूंकि यह मौजूदा सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स का पहला उल्लंघन था, इसलिए कप्तान पर न्यूनतम जुर्माना लगाया गया। नियमों के अनुसार पहली गलती पर कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है।
यह फैसला आईपीएल की शीर्ष परिषद और मैच रेफरी की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।
मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले गेंदबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाजों ने शुरुआती विकेट निकालकर चेन्नई सुपर किंग्स को दबाव में डाल दिया।
चेन्नई की ओर से कार्तिक शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए।
जवाब में लखनऊ ने मजबूत बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 20 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की साझेदारी ने टीम की जीत की नींव रखी और लखनऊ ने 3 विकेट खोकर 188 रन बनाए।
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा नुकसान हुआ है। टीम अब अंक तालिका में छठे स्थान पर है और उसके 12 अंक हैं, जबकि नेट रन रेट 0.027 दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी ओर पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जाएंट्स इस जीत के बावजूद अंक तालिका में 10वें स्थान पर बनी हुई है।
टॉप-4 में इस समय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स जैसी टीमें मजबूत स्थिति में हैं।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2026, 1:04 PM IST