LSG vs CSK: संजू की कप्तानी में चेन्नई लगाएगी जीत की दहाड़? लखनऊ के होम ग्राउंड पर छिड़ा महायुद्ध, कौन मारेगा बाजी?

आज लखनऊ सुपरजायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच टक्कर होगी। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ अब अर्जुन तेंदुलकर जैसे युवाओं को मौका दे सकती है, जबकि चेन्नई अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। जानें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 May 2026, 3:45 PM IST

Lucknow: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सत्र में रोमांच अपने चरम पर है। आज यानी शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। एक तरफ जहां लखनऊ की टीम लगातार हार के सिलसिले को तोड़कर अपने घरेलू मैदान पर सम्मान बचाने के लिए लड़ेगी, वहीं दूसरी ओर चेन्नई की टीम इस जीत के साथ प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी को और अधिक मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

इकाना की पिच और लखनऊ का नया लक्ष्य

मौजूदा सीजन में लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। लगातार चार मुकाबले हारने का अनचाहा रिकॉर्ड बनाने के बाद, आरसीबी के खिलाफ मिली जीत ने टीम में नई ऊर्जा भरी है। हेड कोच जस्टिन लैंगर ने पहले यहां की पिच को पर्थ की उछाल भरी विकेट जैसा बताया था, जिस पर तालमेल बिठाने में टीम को कठिनाई हुई। हालांकि, अब टीम के बल्लेबाज परिस्थितियों को समझ चुके हैं। अब टीम का लक्ष्य आने वाले मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपने ट्रैक रिकॉर्ड को सुधारना है।

अर्जुन तेंदुलकर और नमन तिवारी की एंट्री के संकेत

चूंकि लखनऊ की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है, ऐसे में टीम प्रबंधन अब अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने की तैयारी में है। टीम के गेंदबाजी कोच लांस क्लूजनर अर्जुन तेंदुलकर की गेंदबाजी से काफी प्रभावित दिखे हैं। अर्जुन न केवल धारदार तेज गेंदबाजी करते हैं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। इसके अलावा, लखनवी तेज गेंदबाज नमन तिवारी को भी मौका मिलने की संभावना है। 20 साल के नमन ने अंडर-19 विश्वकप और यूपी टी-20 लीग में अपनी गति से सबको चौंकाया है। उन्हें एक करोड़ रुपये की बड़ी राशि में टीम में शामिल किया गया था।

IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने पंजाब को चटाई धूल, प्लेऑफ की रेस हुई और भी रोमांचक, CSK की नजरें टॉप-4 पर

संजू की अगुवाई में चेन्नई की जोरदार वापसी

शुरुआती तीन मैचों में हार झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन के बीच में गजब का जज्बा दिखाया है। टी-20 विश्वकप के हीरो रहे संजू सैमसन की कप्तानी में टीम ने प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ाए हैं। संजू ने अब तक 11 मैचों में 430 रन बनाकर टीम को फ्रंट से लीड किया है। साथ ही, उर्विल पटेल की 13 गेंदों पर पचासा जड़ने वाली पारी ने चेन्नई के खेमे में आत्मविश्वास भर दिया है। गेंदबाजी में अंशुल काम्बोज और जेमी ओवरटन की जोड़ी ने विपक्षी बल्लेबाजों की नाक में दम कर रखा है।

IPL का टिकट पक्का: कानपुर की पिच पर चमकेगा यूपी का हुनर, समीर रिज़वी के बाद अब किसकी बारी?

प्लेऑफ का समीकरण बिगाड़ सकती है लखनऊ

भले ही लखनऊ खिताब की रेस में पिछड़ गई हो, लेकिन वह कागजों पर अब भी एक बेहद मजबूत टीम है। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श शानदार फॉर्म में हैं और जोश इंग्लिश ने पिछली पारी में 33 गेंदों पर 85 रन ठोककर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी चेन्नई के लिए मुसीबत बन सकती है। ऐसे में चेन्नई को बेहद सतर्क होकर उतरना होगा, क्योंकि एक छोटी सी चूक उनकी प्लेऑफ की उम्मीदों को उलझा सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  15 May 2026, 3:45 PM IST