IPL 2026: कोलकाता को भारी पड़ा 18 करोड़ का यह खिलाड़ी, चोट के चलते डूबा दी KKR की लुटिया

IPL 2026 में KKR का सफर खत्म हो गया है। 18 करोड़ में खरीदे गए मथीसा पाथिराना हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर रहे, जिसने टीम की उम्मीदों को तोड़ दिया। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 25 May 2026, 11:21 AM IST
google-preferred

New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का लीग स्टेज आधिकारिक तौर पर समाप्त हो चुका है और दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टीम के फैंस को इस साल बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन मैदान पर प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इस निराशाजनक प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह टीम के सबसे महंगे विदेशी तेज गेंदबाज मथीसा पाथिराना की चोट रही, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने भारी-भरकम रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था।

18 करोड़ का दांव हुआ फेल, हैमस्ट्रिंग ने बिगाड़ा खेल

केकेआर ने मिनी ऑक्शन में श्रीलंका के स्टार पेसर मथीसा पाथिराना पर बड़ा भरोसा जताते हुए 18 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च की थी। फ्रेंचाइजी को उम्मीद थी कि पाथिराना डैथ ओवरों में टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित होंगे। हालांकि, करोड़ों का यह दांव पूरी तरह उल्टा पड़ गया। पाथिराना पूरे सीजन के दौरान फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे।

लंबे इंतजार और काफी मुश्किलों के बाद जब उन्हें खेलने की अनुमति मिली, तो गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। लेकिन उनका यह सफर सिर्फ कुछ गेंदों तक ही सीमित रहा; वह हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार होकर मैदान से बाहर चले गए और फिर पूरे टूर्नामेंट में वापसी नहीं कर सके।

IPL 2026: प्लेऑफ की रेस से बाहर होते ही KKR में बड़ा फेरबदल, अगले सीजन में इन 5 स्टार खिलाड़ियों की हो सकती है छुट्टी

चोटों की मार ने तोड़ी कोलकाता की गेंदबाजी की कमर

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मुश्किलें सिर्फ पाथिराना तक ही सीमित नहीं थीं। सीजन की शुरुआत से ठीक पहले टीम के स्टार भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके अलावा, बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान की अनुपलब्धता ने केकेआर की गेंदबाजी लाइन-अप को पूरी तरह से बिखेर दिया।

इन प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी का असर साफ दिखाई दिया। हालांकि, टीम के युवा गेंदबाजों ने बीच-बीच में संघर्ष करने की कोशिश जरूर की, लेकिन वे विपक्षी बल्लेबाजों पर वह दबाव नहीं बना पाए जिसकी टीम को जरूरत थी।

KKR vs DC IPL 2026 : कोलकाता को हराकर दिल्ली ने खत्म किया अभियान, दोनों टीमें बाहर

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भी नहीं बदला भाग्य

इस सीजन में कोलकाता की कमान अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के हाथों में थी। रहाणे की कप्तानी में टीम ने जुझारूपन दिखाने की कोशिश की, लेकिन गेंदबाजी की कमजोरी और निरंतरता की कमी के कारण टीम पूरे सीजन संघर्ष करती नजर आई। मुंबई इंडियंस पर राजस्थान रॉयल्स की जीत के साथ ही केकेआर की प्लेऑफ में पहुंचने की बची-कुची उम्मीदें भी गणितीय रूप से समाप्त हो गईं।

केकेआर इस सीजन में खेले गए अपने 14 लीग मुकाबलों में से केवल 6 मैचों में जीत दर्ज कर सकी, जबकि 8 मैचों में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर फैंस इस प्रदर्शन को लेकर काफी निराश हैं और इसे टीम मैनेजमेंट की रणनीतिक विफलता बता रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  25 May 2026, 11:15 AM IST

Advertisement