
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी-20
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच होने वाले इस हाई-प्रोफाइल मैच को देखते हुए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, मैच वाले दिन दोपहर 2 बजे से स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक पाबंदियां, डायवर्जन और पार्किंग से जुड़े विशेष नियम लागू रहेंगे।
आम यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और मैच क्षेत्र में अनावश्यक जाने से बचें। भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
मैच देखने आने वाले दर्शकों को पुलिस ने निर्धारित प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थानों का ही उपयोग करने को कहा है।
इसके अलावा ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं जैसे ओला और उबर के लिए भी विशेष पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों से अपील की गई है कि वे केवल तय स्थानों से ही कैब लें और छोड़ें।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और सड़क पर पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि मैच के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 12 September 2026, 4:57 PM IST
Topics : Arun Jaitley Stadium Traffic Advisory BRICS Summit Delhi Delhi Cricket Match Traffic Delhi Traffic Police India vs Afghanistan T20 Match