IND vs SL: श्रीलंका की धरती पर कैसा है भारत का टेस्ट रिकॉर्ड? जानिए किस टीम का पलड़ा भारी

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलेगी। जानिए श्रीलंका की धरती पर भारत का टेस्ट रिकॉर्ड, दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, WTC 2025-27 की स्थिति और पूरी भारतीय टीम।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 August 2026, 1:24 PM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका रवाना हो चुकी है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया करीब नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलेगी। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बाहर हो गए हैं और उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या टीम इंडिया एक बार फिर श्रीलंका की धरती पर इतिहास दोहरा पाएगी।

पहले अभ्यास मैच, फिर टेस्ट सीरीज की शुरुआत

भारतीय टीम टेस्ट सीरीज से पहले कोलंबो में श्रीलंका एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में शुरू होगा। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है।

श्रीलंका में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड कैसा है?

अगर श्रीलंका की धरती पर भारत के टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो आंकड़े टीम इंडिया के पक्ष में नजर आते हैं। दोनों देशों के बीच श्रीलंका में अब तक 24 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 9 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 7 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच 8 टेस्ट ड्रॉ भी रहे हैं। यानी विदेशी सरजमीं पर भी भारत का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ मजबूत रहा है।

ICC का बड़ा एक्शन: अमेरिका के क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर 8 साल का प्रतिबंध, जानिए पूरा मामला

2017 में किया था श्रीलंका का क्लीन स्वीप

भारत ने आखिरी बार 2017 में टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा किया था। उस समय विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम उसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी।

WTC में दोनों टीमों के लिए अहम सीरीज

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में भारत फिलहाल श्रीलंका से ऊपर है, लेकिन घरेलू परिस्थितियों में श्रीलंकाई टीम हमेशा खतरनाक साबित होती है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह सीरीज आसान नहीं रहने वाली। भारत अगर WTC फाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति बनाए रखना चाहता है तो उसे इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

85 टेस्ट, 5077 रन और ऐतिहासिक गाबा जीत: दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से लिया संन्यास

बुमराह की कमी, आकिब नबी पर नजर

भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने से गेंदबाजी आक्रमण को बड़ा झटका लगा है। उनकी जगह पहली बार टीम इंडिया में शामिल किए गए आकिब नबी पर सभी की नजरें रहेंगी। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह मौका मिला है और अब उनके सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने की चुनौती होगी।

भारत की टेस्ट टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।

Location :  New Delhi

Published :  4 August 2026, 1:24 PM IST