IND vs NZ 2nd Test: शुभमन गिल का दांव चला, गुरनूर बरार और आकाश दीप ने बढ़ाई न्यूजीलैंड की मुश्किलें

क्राइस्टचर्च टेस्ट में गुरनूर बरार ने डेब्यू विकेट हासिल किया, जबकि आकाश दीप ने दो विकेट झटके। न्यूजीलैंड ने 140 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 November 2026, 9:12 AM IST

क्राइस्टचर्च: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला आज से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर शुरू हो गया है। पहले टेस्ट में जीत से चूकी टीम इंडिया ने दूसरे मुकाबले में गेंदबाजी से शानदार वापसी की है। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने मजबूत शुरुआत की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मेजबान टीम पर दबाव बना दिया। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 140 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं।

शुभमन गिल ने जीता टॉस, गुरनूर बरार का डेब्यू

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को एक बार फिर जगह नहीं मिली। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा की जगह युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को मौका दिया गया है। यह उनके टेस्ट करियर का पहला मुकाबला है।

गुरनूर बरार ने दिलाई पहली सफलता

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे ने पहली पारी में शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। खतरनाक दिख रही इस जोड़ी को डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार ने तोड़ा। उन्होंने पहले दिन लंच से ठीक पहले आखिरी गेंद पर कॉन्वे को 31 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।

आकाश दीप की गेंदबाजी ने पलटा खेल

लंच के बाद टॉम लैथम ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 128 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 59 रन बनाए। आकाश दीप ने लैथम को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद अंशुल कम्बोज ने हेनरी निकोल्स को 16 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।

न्यूजीलैंड को 110 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा। आकाश दीप ने रचिन रवींद्र को बिना खाता खोले आउट कर भारतीय टीम की स्थिति मजबूत कर दी।

सीरीज जीतने पर टीम इंडिया की नजर

वेलिंगटन में खेला गया सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। ऐसे में क्राइस्टचर्च टेस्ट दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम की कोशिश न्यूजीलैंड की पहली पारी को जल्द समेटकर मुकाबले में बढ़त हासिल करने की होगी।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 9:11 AM IST