
धर्मशाला वनडे पर बारिश का साया (Img: Google)
New Delhi: भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले वनडे मुकाबले पर मौसम बड़ा विलेन बन सकता है। खूबसूरत पहाड़ियों के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले मौसम विभाग ने क्षेत्र में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मशाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे मैच के दौरान रुकावट की संभावना बढ़ गई है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मैच के दौरान बादल छाए रहने के साथ दोपहर में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। एक्यूवेदर के अनुसार दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक 50 से 70 फीसदी तक बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि दोपहर के समय गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है और 1 बजे मैच का टॉस होगा।
यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत माना जा रहा है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमी इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मौसम की बेरुखी उनके उत्साह पर पानी फेर सकती है। यदि बारिश लगातार होती रही तो ओवरों में कटौती या फिर डकवर्थ-लुईस नियम की नौबत भी आ सकती है।
दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि मौसम कितना साथ देता है। धर्मशाला में बादलों की मौजूदगी और बारिश की आशंका ने मैच से पहले रोमांच के साथ अनिश्चितता भी बढ़ा दी है।
Location : New Delhi
Published : 13 June 2026, 1:15 PM IST
Topics : Dharamshala HPCA Stadium IND vs AFG sport