हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
New Delhi: फीफा विश्व कप 2026 इतिहास रचने जा रहा है। इस बार विजेता टीम को सिर्फ प्रतिष्ठित ट्रॉफी और गोल्ड मेडल ही नहीं, बल्कि पहली बार विशेष रूप से तैयार की गई चैंपियनशिप रिंग (Championship Ring) भी दी जाएगी। फीफा के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब किसी टूर्नामेंट के विजेताओं को इस तरह का अनोखा सम्मान मिलेगा। इस फैसले को अमेरिकी खेल संस्कृति से प्रेरित एक नई परंपरा माना जा रहा है।
फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल स्पेन और अर्जेंटीना के बीच न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला रविवार देर रात 12:30 बजे शुरू होगा। विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल के साथ इस ऐतिहासिक चैंपियनशिप रिंग से भी सम्मानित किया जाएगा।
फीफा ने टूर्नामेंट की यादगार बनाने के लिए कुल 2,026 चैंपियनशिप रिंग्स तैयार कराने का फैसला किया है। इनमें से 30 अंगूठियां विजेता टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए सुरक्षित रखी जाएंगी, जबकि 1,996 रिंग्स दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त कलेक्टिबल के रूप में उपलब्ध होंगी।
इन अंगूठियों को बेहद आकर्षक और प्रीमियम डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। एक तरफ फीफा विश्व कप की प्रतिष्ठित ट्रॉफी उकेरी जाएगी, जबकि दूसरी ओर विजेता टीम की पहचान दर्शाने वाला कस्टम डिजाइन होगा। हर रिंग पर एक यूनिक सीरियल नंबर अंकित रहेगा और खिलाड़ियों की उंगलियों के नाप के अनुसार इसे विशेष रूप से तैयार किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक रिंग के साथ ऑथेंटिसिटी सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
हालांकि फाइनल के तुरंत बाद खिलाड़ियों को उनकी कस्टमाइज्ड रिंग नहीं मिलेगी। जश्न के दौरान विजेता टीम के कप्तान और मुख्य कोच को प्रतीकात्मक (अस्थायी) रिंग पहनाई जाएगी। इसके बाद खिलाड़ियों की उंगलियों का माप लेकर उनकी व्यक्तिगत चैंपियनशिप रिंग तैयार की जाएगी और आधिकारिक समारोह में उन्हें सौंपी जाएगी।
चैंपियनशिप रिंग की शुरुआत फीफा विश्व कप को और यादगार बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे खिलाड़ियों के पास विश्व कप जीत की ऐसी व्यक्तिगत निशानी होगी, जो जीवनभर उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि की याद दिलाती रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 17 July 2026, 2:40 PM IST
Topics : Championship Ring FIFA 2026 FIFA World Cup