Site icon Hindi Dynamite News

Asia Cup 2025: आज से बिहार के राजगीर में शुरू हो रहा ‘खेल का महाकुंभ’, चीन से होगा भारत का पहला मैच

हीरो पुरुष एशिया कप हॉकी 2025 की शुरुआत आज बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर हुई। एशिया की 8 शीर्ष हॉकी टीमें इस टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं।
Post Published By: Mrinal Pathak
Published:
Asia Cup 2025: आज से बिहार के राजगीर में शुरू हो रहा ‘खेल का महाकुंभ’, चीन से होगा भारत का पहला मैच

Rajgir: हीरो पुरुष एशिया कप हॉकी 2025 का शुभारंभ आज भव्य रूप से बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शुरू किया गया, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष 8 टीमें भारत, जापान, चीन, कज़ाकिस्तान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे भाग ले रही हैं, जो अगले दो हफ्तों तक खिताबी जंग में आमने-सामने होंगी।

पूरी तरह तैयार राजगीर

सभी मुकाबले राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन के लिए शहर में विशेष तैयारी की गई है। विदेशी और अन्य टीमों के लिए शहर के होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है, जबकि भारतीय टीम खेल परिसर में ही ठहरेगी। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के भी सख्त इंतजाम किए गए हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा।

विश्व कप क्वालीफिकेशन के लिए अहम टूर्नामेंट

एशिया कप 2025 सिर्फ एक खिताबी जंग नहीं, बल्कि 2026 हॉकी विश्व कप के क्वालीफायर के रूप में भी महत्वपूर्ण है। एशिया कप के पिछले 11 संस्करणों में दक्षिण कोरिया सबसे सफल रहा है, जिसने 5 बार खिताब अपने नाम किया। भारत ने 2003, 2007 और 2017 में तीन बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान ने 1982, 1985 और 1989 में खिताब पर कब्जा जमाया था।

फ्री टिकट और डिजिटल एंट्री से बढ़ेगा रोमांच

हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़ी पहल की है। दर्शकों को मैच देखने के लिए कोई टिकट शुल्क नहीं देना होगा। फैंस ticketgenie या हॉकी इंडिया ऐप के माध्यम से टिकट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। उन्हें एक वर्चुअल टिकट मिलेगा, जिसके माध्यम से वे बिना किसी शुल्क के अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैचों का आनंद ले सकेंगे।

भारत का पहला मैच चीन से

पूरे टूर्नामेंट में कुल 24 मुकाबले खेले जाएंगे। पहले दिन यानी शुक्रवार को चार मैच होंगे। भारत को पूल-ए में जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला चीन से, दूसरा 31 अगस्त को जापान से और तीसरा 1 सितंबर को कजाकिस्तान से होगा। पूल-बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं।

बिहार में पहली बार कर रहा मेजबानी

बिहार में पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। इसके पूर्व, “ट्रॉफी गौरव यात्रा” के माध्यम से पूरे देश में हॉकी का संदेश फैलाया गया, जो आज 29 अगस्त को राजगीर पहुँची।

खेल के साथ पर्यटन

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरन ने कहा कि यह आयोजन न केवल राज्य की खेल क्षमता को दिखाएगा, बल्कि बिहार के पर्यटन, संस्कृति और कला को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

Exit mobile version