
रोहित शर्मा और बुमराह (Image Source: google)
New Delhi: IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक ओर उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 78 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी क्लास दिखाई, तो दूसरी ओर बाकी मैचों में उनका बल्ला ज्यादा असर नहीं छोड़ पाया। आंकड़ों पर नजर डालें तो शुरुआती मुकाबलों में रोहित ने कुछ रन जरूर बनाए, लेकिन बड़ी और मैच जिताने वाली पारियां नहीं आ सकीं।
इतना ही नहीं, हाल ही में बैट टेस्टिंग को लेकर अंपायर के साथ उनकी बहस भी चर्चा में रही, जिसने उनके फॉर्म से ज्यादा विवाद को सुर्खियों में ला दिया। वहीं, आज आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में उनका चोटिल होकर मैदान छोड़ना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी से टीम को मजबूत शुरुआत की उम्मीद होती है, लेकिन इस सीजन में उनकी निरंतरता सवालों के घेरे में है। यही वजह है कि फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या उनका बल्ला सच में रूठ गया है।
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की रीढ़ माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। जहां वह आमतौर पर विकेट निकालने में माहिर माने जाते हैं, वहीं इस बार शुरुआती मैचों में वह विकेट लेने के लिए जूझते नजर आए। बुमराह लगातार तीन मैचों में विकेट लेने में नाकाम रहे जो उनके करियर में बेहद दुर्लभ है।
हालांकि टीम मैनेजमेंट ने उनका बचाव किया है। बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा कि भले ही विकेट नहीं मिल रहे हों, लेकिन बुमराह की इकॉनमी अभी भी टीम के लिए फायदेमंद है।
इसके बावजूद, जिस गेंदबाज ने मुंबई को कई मैच जिताए हों, उससे इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जाती। खासकर तब, जब युवा बल्लेबाज भी उनके खिलाफ खुलकर रन बना रहे हैं।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का अभियान इस बार बेहद कमजोर नजर आया है। टीम ने अब तक 4 में से सिर्फ 1 मैच जीता है, जबकि 3 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार ने टीम की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी और गेंदबाजी में धार का अभाव साफ दिखाई दे रहा है।
IPL 2026: बिहार के लाल सूर्यवंशी के आगे कैसे फेल हो रहें हैं दुनिया के दिग्गज बॉलर
मुंबई इंडियंस, जो कभी आईपीएल की सबसे सफल टीमों में गिनी जाती रही है, इस समय संघर्ष करती नजर आ रही है। रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज और जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज के बावजूद टीम का संतुलन बिगड़ा हुआ दिख रहा है।
Location : New Delhi
Published : 13 April 2026, 12:16 AM IST