मैनपुरी के गौरव बने मनल चौहान, अंडर-19 एशिया कप जीतकर लौटे तो शहर ने किया भव्य स्वागत

अंडर-19 एशिया कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और मैनपुरी के लाल मनल चौहान का गृह जनपद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। शहर में निकले रोड शो में क्रिकेट प्रेमियों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 4:49 PM IST

मैनपुरी: जिले की मिट्टी के लाल मनल चौहान ने अंडर-19 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय टीम की इस गौरवशाली जीत के बाद बुधवार को जब मनल अपने गृह जनपद पहुंचे, तो उनके स्वागत में पूरा शहर उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, फूलों की बारिश और जोरदार नारों के बीच निकले भव्य रोड शो में लोगों ने अपने इस होनहार खिलाड़ी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

नगला जुला के लाल ने बढ़ाया जिले का मान

मूल रूप से मैनपुरी के ग्राम नगला जुला निवासी मनल चौहान ने अंडर-19 एशिया कप में अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश, बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। बुधवार को आगरा रोड स्थित प्राचीन ब्रह्मदेव मंदिर से मनल चौहान के रोड शो का विधिवत शुभारंभ हुआ। फूलों से सजी खुली गाड़ी में सवार मनल का शहरवासियों ने जगह-जगह फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

मैनपुरी: कुरावली क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, 13 वर्षीय किशोरी 5 माह की गर्भवती; आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

एक झलक पाने को बेताब दिखे क्रिकेट प्रेमी

रोड शो के दौरान युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में मनल चौहान की एक झलक पाने, उनसे हाथ मिलाने और सेल्फी लेने के लिए खासा उत्साह दिखाई दिया। पूरे रास्ते लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'मनल चौहान जिंदाबाद' के नारों से माहौल को देशभक्ति और खेल भावना से सराबोर कर दिया। शहर के मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों से गुजरता हुआ काफिला जब उनके पैतृक गांव नगला जुला पहुंचा, तो वहां ग्रामीणों और परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव में आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया।

भव्य स्वागत

युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणास्रोत

मनल चौहान की इस उपलब्धि ने मैनपुरी के उभरते युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है। स्थानीय खेल प्रेमियों और वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि मनल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल कर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उनकी यह सफलता जिले की आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Location :  Mainpuri

Published :  18 November 2026, 4:49 PM IST