
वियान मुल्डर ने रचा नया कीर्तिमान
सेंचुरियन: टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कई दिग्गज ऑलराउंडरों ने अपने प्रदर्शन से दुनिया को हैरान किया है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने अब ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो इससे पहले कोई खिलाड़ी नहीं कर सका। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मुल्डर ने बल्ले और गेंद दोनों से धमाल मचाते हुए इतिहास रच दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को एक पारी और 219 रनों से हराकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में वियान मुल्डर ने सिर्फ 31 रन देकर सात विकेट अपने नाम किए। खास बात यह रही कि उन्होंने महज 64 गेंदों में सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला सात विकेट हॉल है। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में सात या उससे अधिक विकेट लेने वाले 237वें खिलाड़ी बन गए।
28 वर्षीय वियान मुल्डर के नाम टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक भी दर्ज है। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 367 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। अब सात विकेट चटकाने के साथ ही मुल्डर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में तिहरा शतक लगाने और एक पारी में सात विकेट लेने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में अब तक 29 बल्लेबाज तिहरा शतक लगा चुके हैं। इनमें से आठ खिलाड़ियों ने एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट भी लिए हैं। वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के नाम तिहरे शतक के साथ छह विकेट हॉल दर्ज हैं। मुल्डर ने सात विकेट लेकर इस मामले में दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
वियान मुल्डर ने बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले की पहली पारी में शतक भी जड़ा था। वह दक्षिण अफ्रीका के लिए एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने और पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा एक ही टेस्ट में शतक लगाने और एक पारी में सात विकेट चटकाने वाले वह पहले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी भी बन गए हैं।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 9:21 AM IST