वैभव सूर्यवंशी का दिखा दम : ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में, सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन को हराया

दलीप ट्रॉफी के रोमांचक सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 September 2026, 6:02 PM IST

New Delhi: ईस्ट जोन ने पहले सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर दिलीप ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सेंट्रल जोन की दूसरी पारी सिर्फ 158 रन पर सिमट गई, जिससे ईस्ट जोन को जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य मिला। ईस्ट जोन ने छह विकेट खोकर 162 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच जीत लिया।

वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की जीत में अहम भूमिका निभाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने टीम को तेज और मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने 43 गेंदों में 40 रन बनाए जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। वैभव ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और बाद में आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने आठवें ओवर में आर्यन पांडे की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर अपनी लय दिखाई।

यह भी पढ़ें - वैभव सूर्यवंशी 36 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

यश ठाकुर के खिलाफ रनों की बौछार

वैभव ने सेंट्रल जोन के गेंदबाज यश ठाकुर के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने यश के ओवर की पहली चार गेंदों पर लगातार बाउंड्री लगाईं एक चौका, एक छक्का और दो और चौके जिससे गेंदबाज पर भारी दबाव बन गया। हालांकि, तेजी से रन बनाने की कोशिश में वैभव अपना विकेट गंवा बैठे; यश ठाकुर की गेंद पर रजत पाटीदार ने शानदार कैच लपका।

कप्तान ईशान किशन ने पारी को संभाला

वैभव के आउट होने के बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 41 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था, और टीम को जीत दिलाई।

वैभव ने पहली पारी में भी कमाल किया

वैभव सूर्यवंशी ने मैच की पहली पारी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 81 गेंदों में 92 रन बनाए, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे। उनके प्रदर्शन ने ईस्ट जोन की जीत की नींव रखी।

यह भी पढ़ें - ‘IPL की हवा में न उड़ें!’ संन्यास लेते ही रहाणे ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को दिखाई असलियत, दी ये चेतावनी?

गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई

इससे पहले, दोनों टीमों की पहली पारी बराबरी पर खत्म हुई थी, जिसमें ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन दोनों ने 266 रन बनाए थे। हालांकि, ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन किया और सेंट्रल जोन को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। अब वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा स्टार्स के दम पर ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी फाइनल में खिताब के लिए मुकाबला करेगा और ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा।

Location :  New Delhi

Published :  1 September 2026, 6:02 PM IST