
टीम इंडिया (Image Source Internet)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। अब बोर्ड किसी भी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से पहले उसकी फिटनेस को लेकर पूरी तरह आश्वस्त होना चाहता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई अब सिर्फ 100 फीसदी नहीं बल्कि खिलाड़ी की उपलब्धता को लेकर 200 फीसदी भरोसा होने के बाद ही उसका नाम टीम में शामिल करना चाहता है।
पिछले कुछ समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जब खिलाड़ी टीम में चुने गए लेकिन मैच शुरू होने से पहले फिटनेस समस्या के कारण बाहर हो गए।
इनमें हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इन घटनाओं के बाद बीसीसीआई को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने फिटनेस और चयन प्रक्रिया को लेकर बोर्ड का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी फिटनेस स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी जाती है और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाती है।
लक्ष्मण के मुताबिक, अगर किसी खिलाड़ी का चयन फिटनेस कंडीशन के आधार पर होता है और वह फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाता है, तो चयनकर्ताओं के पास उसके स्थान पर दूसरे खिलाड़ी को चुनने का विकल्प रहता है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने खिलाड़ियों के नाम के आगे लगाए जाने वाले फिटनेस कंडीशन मार्क को लेकर कहा कि टीम का चयन आमतौर पर सीरीज से 21 से 28 दिन पहले किया जाता है।
उन्होंने बताया कि चयन के समय अगर कोई खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह सीरीज से बाहर हो गया है। मैच शुरू होने तक खिलाड़ी फिट हो सकता है और टीम में वापसी कर सकता है।
अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा के नाम फिटनेस शर्तों के साथ जुड़े हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह और नीतीश के सीरीज शुरू होने तक फिट होने की उम्मीद है, जबकि हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर की स्थिति अभी साफ नहीं है।
बीसीसीआई की नई नीति का मकसद साफ है—पहले फिटनेस की पक्की पुष्टि, फिर टीम में चयन।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2026, 11:07 AM IST
Topics : BCCI New Fitness Policy BCCI Selection Process Indian Cricket Team Fitness Jasprit Bumrah Injury Update VVS Laxman Statement