BCCI की महाबैठक का काउंटडाउन शुरू, जानिए IPL गवर्निंग काउंसिल और घरेलू क्रिकेट में क्या-क्या बदलेगा

18 सितंबर को मुंबई में BCCI की सालाना बैठक (AGM) होगी। इसमें IPL गवर्निंग काउंसिल के 2 अहम पदों के चुनाव के साथ अंडमान और निकोबार को एसोसिएट टीम का दर्जा देने पर फैसला संभव है। जानिए भारतीय क्रिकेट से जुड़ा हर बड़ा अपडेट।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 August 2026, 8:41 AM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 18 सितंबर को मुंबई में अपनी बहुप्रतीक्षित सालाना आम बैठक (AGM) आयोजित करने जा रहा है। इस महाबैठक में भारतीय क्रिकेट का भावी रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसमें IPL के नेतृत्व से लेकर घरेलू क्रिकेट के विस्तार तक कई ऐतिहासिक फैसले लिए जा सकते हैं।

IPL गवर्निंग काउंसिल के 2 पदों पर चुनाव, 31 अगस्त तक आवेदन का मौका

बैठक के सबसे मुख्य एजेंडे में IPL गवर्निंग काउंसिल के दो महत्वपूर्ण पदों का चुनाव शामिल है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के अनुसार, इनमें से एक पद IPL चेयरमैन का भी है, जिस पर वर्तमान में अरुण सिंह धूमल काबिज हैं। BCCI ने सभी पूर्ण सदस्य राज्य संघों को नोटिस भेजकर 31 अगस्त तक अपने प्रतिनिधियों के नाम भेजने को कहा है।

1 सितंबर को वोटर लिस्ट जारी होगी, जिसके बाद 10 सितंबर को नामांकन और 11 सितंबर को अंतिम उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा लोकपाल सह एथिक्स ऑफिसर की नियुक्ति भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होगी।

इंग्लिश क्रिकेट का एक और दागदार पन्ना: हथकड़ी में दिखे ब्राइडन कार्स, ECB ने दिए जांच के आदेश

अंडमान-निकोबार को मिल सकती है मान्यता, बढ़ेगा क्रिकेट का आधार

बैठक का दूसरा सबसे बड़ा आकर्षण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को BCCI की एसोसिएट टीम का दर्जा देने पर चर्चा है। यदि बोर्ड इसे मंजूरी देता है, तो द्वीप पर क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में बड़ी मदद मिलेगी। हालांकि, मान्यता मिलने के बाद भी टीम को रणजी ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट में खेलने के लिए कुछ समय का इंतजार करना पड़ सकता है।

ICC में नए प्रतिनिधियों की नियुक्ति और घरेलू संरचना पर मंथन

इस AGM में इंटरनेशनल क्रिकेट परिषद (ICC) में भारत के आधिकारिक प्रतिनिधियों के नामों पर भी अंतिम मुहर लगेगी। वहीं, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों से ज्यादा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए अतिरिक्त टीमें बनाने की उठ रही मांगों के बीच BCCI का यह रुख साफ करता है कि आने वाले समय में भारतीय घरेलू क्रिकेट का दायरा और बड़ा होने वाला है।

Location :  New Delhi

Published :  26 August 2026, 8:41 AM IST