क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा फैसला! पहली बार भारत में खेली जाएगी विदेशी T20 लीग, चेन्नई बनेगा गवाह

ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का 16वां सीजन पहली बार भारत से शुरू होगा। 12 दिसंबर को चेन्नई में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। यह भारत में किसी विदेशी क्रिकेट लीग का पहला आधिकारिक मैच होगा, जिससे दोनों देशों के खेल संबंध और मजबूत होंगे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 July 2026, 9:24 AM IST

New Delhi: ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) पहली बार भारत में अपने नए सीजन की शुरुआत करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। इसके तहत BBL के 16वें सीजन का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे।

भारत में पहली बार खेलेगी कोई विदेशी क्रिकेट लीग

यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार किसी विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत की धरती पर आयोजित किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में मुकाबला आयोजित करने से लीग की लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।

चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम बनेगा मेजबान

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स मेजबान टीम होगी, जबकि सामने होगी पांच बार की चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स। भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण जियोस्टार पर किया जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया में इसे चैनल सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर देखा जा सकेगा।

भारत-ऑस्ट्रेलिया रिश्तों को मिलेगा नया आयाम

यह मुकाबला दिसंबर में भारत में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक महोत्सव का भी प्रमुख आकर्षण होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि यह आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों देशों के सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को भी नई मजबूती देगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जताई बड़ी उम्मीद

बिग बैश लीग्स के महाप्रबंधक एलिस्टेयर डॉब्सन ने कहा कि भारत में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त जुनून है और बिग बैश लीग पहले से ही यहां काफी लोकप्रिय है। उनका मानना है कि भारत में मुकाबला आयोजित होने से लीग की वैश्विक पहुंच और दर्शकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ऑस्ट्रेलिया की किसी भी घरेलू खेल लीग के इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला साबित हो सकता है।

अयोध्या राम मंदिर में महा-एक्शन: चंपत राय समेत 3 दिग्गजों पर गिरी नई गाज, अब नहीं कर पाएंगे ये बड़ा काम

क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बनने जा रहा है दिसंबर

भारत में पहली बार किसी विदेशी टी20 लीग का आधिकारिक मैच आयोजित होना क्रिकेट इतिहास का नया अध्याय माना जा रहा है। चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला न केवल भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होगा, बल्कि यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला कदम साबित हो सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  10 July 2026, 9:23 AM IST