
लवलीना बोरगोहेन ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड (Img- X)
New Delhi: जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने इतिहास रच दिया है। 2 अक्टूबर को अपने जन्मदिन के खास मौके पर उन्होंने रिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल खुद को बल्कि पूरे देश को एक बड़ा स्वर्णिम तोहफा दिया है।
महिलाओं की 75 किलोग्राम भारवर्ग के खिताबी मुकाबले में लवलीना ने चीन की मजबूत मुक्केबाज बाओ जियी को एकतरफा अंदाज में 5-0 (सर्वसम्मति से) से करारी शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
लवलीना की यह उपलब्धि भारतीय खेल इतिहास में बेहद खास है। वह महान मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम (2014) के बाद एशियाई खेलों में बॉक्सिंग का गोल्ड मेडल जीतने वाली देश की महज दूसरी महिला मुक्केबाज बन गई हैं।
गौरतलब है कि पिछले एशियन गेम्स (हांग्जो 2023) में लवलीना को फाइनल में हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी गलतियों से सीखते हुए उस सिल्वर को चमकते हुए गोल्ड में तब्दील कर दिया।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही चीनी खिलाड़ी बाओ जियी ने आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश की, लेकिन लवलीना ने अपनी रणनीति और अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया। अपने गजब के डिफेंस और सटीक टाइमिंग वाले काउंटर-पंचों के जरिए लवलीना ने तीनों राउंड में चीनी मुक्केबाज को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया। पांचों जजों ने सर्वसम्मति से लवलीना के पक्ष में फैसला सुनाया, जिससे उनकी रिंग में तकनीकी श्रेष्ठता साफ जाहिर हुई।
लवलीना के स्वर्णिम पंच के अलावा भारत का शानदार प्रदर्शन अन्य खेलों में भी जारी रहा। आर्चरी (तीरंदाजी) में मिक्स्ड रिकर्व टीम इवेंट के फाइनल में कुमकुम और धीरज की जोड़ी को कड़ी टक्कर के बाद चीन के हाथों 5-3 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को सिल्वर मेडल मिला।
Asian Games 2026: नीरू-कायनन की जोड़ी ने रचा इतिहास, तोड़ा कतर का रिकॉर्ड और जीता भारत का 9वां गोल्ड
वहीं, सेलिंग (नौकायन) के महिलाओं के स्किफ इवेंट में नाटकीय घटनाक्रम के बाद भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रही चीनी टीम के अयोग्य (Disqualify) घोषित होने के बाद भारत की हर्षिता और शीतल के नाम कांस्य पदक दर्ज हो गया।
Location : New Delhi
Published : 2 October 2026, 11:11 AM IST