
अर्शदीप सिंह और गौतम गंभीर (IMG: X)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इन दिनों अपनी एक बयान की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में भारत की ऑल-फॉर्मेट सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11 चुनी। उनकी इस टीम में कुछ ऐसे चयन रहे, जिन्हें लेकर क्रिकेट प्रेमियों ने सवाल उठाए और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना शुरू हो गई।
अर्शदीप सिंह ने अपनी टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और गौतम गंभीर को दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कहा कि इस स्थान के लिए वीरेंद्र सहवाग या सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ियों का चयन अधिक उपयुक्त होता। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि अगर अर्शदीप गंभीर को टीम में नहीं रखते तो शायद उनकी खुद की जगह खतरे में पड़ जाती।
यहां भी पढ़ें: 85 टेस्ट, 5077 रन और ऐतिहासिक गाबा जीत: दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से लिया संन्यास
अर्शदीप ने तीसरे नंबर पर राहुल द्रविड़, चौथे पर विराट कोहली, पांचवें पर युवराज सिंह और छठे नंबर पर रोहित शर्मा को रखा। रोहित शर्मा को मध्यक्रम में रखने पर भी फैंस ने सवाल उठाए। कई लोगों का मानना है कि रोहित एक सफल सलामी बल्लेबाज हैं और उन्हें नीचे बल्लेबाजी कराना सही फैसला नहीं है। कुछ प्रशंसकों ने वीवीएस लक्ष्मण, कपिल देव, अनिल कुंबले, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की बात कही।
विकेटकीपर के रूप में अर्शदीप ने महेंद्र सिंह धोनी को चुना, जबकि स्पिनर के तौर पर हरभजन सिंह को अनिल कुंबले से ऊपर रखा। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा उनके तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर हुई। उन्होंने जहीर खान और जसप्रीत बुमराह के साथ तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में खुद को जगह दी।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कहा कि अर्शदीप ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण भी नहीं किया है, फिर भी उन्होंने खुद को भारत की ऑल-फॉर्मेट सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल कर लिया। कुछ यूजर्स ने भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और आशीष नेहरा जैसे अनुभवी गेंदबाजों को अधिक उपयुक्त विकल्प बताया।
यहां भी पढ़ें: RCB ने रचा इतिहास! बनी दुनिया की पहली $300 मिलियन ब्रांड वैल्यू वाली क्रिकेट टीम, जानें कैसे हुआ कमाल
अर्शदीप सिंह की चुनी गई टीम में सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, जहीर खान, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह शामिल हैं। उनकी इस टीम को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बहस जारी है। जहां कुछ लोग इसे उनकी व्यक्तिगत पसंद बता रहे हैं, वहीं कई क्रिकेट प्रशंसक इसे लेकर अपनी अलग-अलग राय दे रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 3 August 2026, 4:56 PM IST