
ऑरेंज कैप पर वैभव का कब्जा
New Delhi: क्रिकेट के मैदान पर शुक्रवार की रात कुछ ऐसा हुआ, जिसने गेंदबाजों के दिलों में खौफ भर दिया। महज 15 साल का एक लड़का, लेकिन बल्लेबाजी ऐसी कि जैसे सालों का अनुभव हो। नाम है वैभव सूर्यवंशी। सामने दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाज, लेकिन इस बल्लेबाज ने पहली ही गेंद से हमला बोल दिया। हर शॉट में आक्रामकता, हर रन में आत्मविश्वास और हर छक्के में एक संदेश- अब नया दौर शुरू हो चुका है।
आईपीएल 2026 के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने थे। मैच में जब वैभव क्रीज पर उतरे, तो किसी ने नहीं सोचा था कि ये पारी इतिहास बन जाएगी। वैभव ने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने 78 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 300 की रही, जो इस उम्र के खिलाड़ी के लिए किसी सपने से कम नहीं। राजस्थान ने 202 रन का बड़ा लक्ष्य सिर्फ 18 ओवर में हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत का सबसे बड़ा हीरो वैभव ही रहे।
वैभव की बल्लेबाजी देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि वह अभी सिर्फ 15 साल के हैं। उनकी शॉट सिलेक्शन, टाइमिंग और मैदान पर आत्मविश्वास—सब कुछ एक अनुभवी खिलाड़ी जैसा नजर आता है। चाहे तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, वैभव ने किसी को भी नहीं बख्शा। पहली ही गेंद से अटैक करने का उनका अंदाज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।
इस मैच में एक और खास पल तब आया, जब विराट कोहली ने वैभव की तारीफ की। दिलचस्प बात ये रही कि वैभव का कैच भी कोहली ने ही पकड़ा, जो आसान नहीं था। मैच खत्म होने के बाद कोहली ने वैभव की कैप पर एक खास मैसेज लिखा कि “Dear Vaibhav, Well Done.” ये दो शब्द ही इस बात के लिए काफी हैं कि वैभव ने कितनी बड़ी छाप छोड़ी है। राजस्थान रॉयल्स ने इस खास पल का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
IPL 2026 New Rule Change: IPL में कसा शिकंजा, तय खिलाड़ी ही पिला सकेंगे पानी
IPL 2026 के शुरुआती 16 मैचों के बाद वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने सिर्फ 4 मैचों में 200 रन बना लिए हैं और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है। दूसरे स्थान पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिनके नाम 183 रन हैं। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन यह दिखाता है कि आने वाले समय में वैभव भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 11 April 2026, 1:23 PM IST