
तरनतारन में दिल दहला देने वाला हत्याकांड (Img- Pinterest)
Tarn Taran: पंजाब के तरनतारन जिले से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बाहमणीवाला गांव के पास नाशपाती के एक बाग में गुरदेव सिंह (45) नाम के व्यक्ति की तेजधार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात गुरदेव की बहन की आंखों के सामने हुई, जब तीन अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक, माड़ी कंबोके गांव का रहने वाला गुरदेव सिंह अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर पट्टी शहर से घरेलू सामान खरीदकर लौट रहा था। तभी रास्ते में नाशपाती के बाग के पास मोटरसाइकिल पर आए तीन नकाबपोश युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब तक गुरदेव संभल पाता, हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना के वक्त वहां से गुजर रही गुरदेव की बहन दविंदर कौर ने अपने भाई को घिरते देखा तो वह शोर मचाते हुए उसकी तरफ दौड़ी। बहन के चीखने-चिल्लाने पर हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में गुरदेव को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चुनावी रण में भाजपा का नया सेनापति मॉडल: यूपी, पंजाब और गुजरात में नये प्रभारियों की नियुक्ति
मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पारिवारिक बिखराव का सामने आ रहा है। गुरदेव की बेटी ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रही है और करीब 8 महीने पहले उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर भी बेटी के पास विदेश चली गई थी। इसके बाद से ही पति-पत्नी के बीच बातचीत बंद थी। पारिवारिक तनाव के चलते गुरदेव कुछ दिनों से गांव में अकेले रह रहे थे।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक रविशेर सिंह का कहना है कि घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या फिर कोई पारिवारिक वजह।
Location : Tarn Taran
Published : 22 August 2026, 11:24 AM IST
Topics : MurderCase Punjab Crime Punjab News