केंद्र की कुर्सी छोड़ अब किस गद्दी पर बैठेंगे रवनीत सिंह बिट्टू? जानिए मंत्री पद से इस्तीफे के पीछे का सियासी प्लान

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार हो गया है। मंत्री पद छोड़कर बिट्टू अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेंगे। लुधियाना से चुनाव लड़ने के संकेत के बीच जानिए बीजेपी का क्या है मास्टर प्लान।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 July 2026, 11:31 AM IST

Chandigarh: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख सिख चेहरा और रेल व खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रहे रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। केंद्र की राजनीति छोड़ अब बिट्टू पूरी तरह से पंजाब में बीजेपी का जनाधार मजबूत करने मैदान में उतर रहे हैं।

क्यों छोड़ा मंत्री पद? खुद बताई इस्तीफे की वजह

संसद में लगभग 17 साल का अनुभव रखने वाले रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्होंने 21 जून को ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था। बिट्टू ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया था ताकि वे अपना पूरा समय और ध्यान पंजाब की जमीनी राजनीति को दे सकें। 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद बीजेपी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें मोदी सरकार में राज्य मंत्री का पद सौंपा था।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने क्यों दिया इस्तीफा, जानें क्या पंजाब की राजनीति में होंगे सक्रिय

लुधियाना से ठोक सकते हैं चुनावी ताल

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि रवनीत बिट्टू आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में लुधियाना सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। जून के महीने में ही उन्होंने पंजाब की राजनीति और विधानसभा में काम करने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी। उनका मानना है कि बीजेपी के लिए पंजाब में 2027 में सरकार बनाने के बेहतरीन अवसर हैं, और इसके लिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

जंतर-मंतर के आंदोलन से लेकर विधानसभा सत्र तक लापता हैं तेजस्वी यादव, जब बीजेपी ने तीखे सवालों से घेरा तो मचा सियासी घमासान

पीएम मोदी और राष्ट्रपति का जताया आभार

पद से इस्तीफा देने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद जताया। उन्होंने लिखा कि देश और विशेष रूप से अपने प्रिय पंजाब के लोगों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए बड़े सम्मान की बात रही। अब वे नए जोश के साथ पंजाब की राजनीति में बीजेपी की राह आसान करने के काम में जुटेंगे।

Location :  Chandigarh

Published :  25 July 2026, 11:31 AM IST