
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Ludhiana: पंजाब के लुधियाना से पवित्र रिश्तों और भरोसे को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज और बेहद दुखद मामला सामने आया है। जिस त्योहार पर बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा का सूत्र बांधकर सुरक्षा का वचन मांगती हैं, उसी रिश्ते को एक हैवान ने कलंकित कर दिया।
अपनी ही दूर की बहन मानकर राखी बांधने वाली 13 साल की मासूम बच्ची के साथ उसके कथित भाई ने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्ची सात महीने की गर्भवती हो गई, जिसके बाद मामले का भंडाफोड़ हुआ।
यह वारदात करीब सात महीने पहले शुरू हुई थी। पीड़िता जिसे अपना दूर का भाई मानती थी और हर साल राखी बांधती थी, उसी युवक ने मासूम की लाचारी का फायदा उठाकर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया।
अपनी घिनौनी करतूत को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए मुंबई फरार हो गया। पीड़िता इस खौफनाक वारदात के बाद दहशत में आ गई और डर के मारे किसी को कुछ बता न सकी।
मासूम पर जुल्म की दास्तान यहीं खत्म नहीं हुई। उसी मकान में रहने वाले एक अन्य किराएदार ने भी बच्ची की खामोशी और लाचारी का फायदा उठाया। उसने मासूम को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दरिंदगी की।
29 जुलाई को जब बच्ची के पेट में अचानक असहनीय दर्द शुरू हुआ, तब परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और वे उसे डॉक्टर के पास ले गए। जांच में जब 7 महीने के गर्भ की पुष्टि हुई, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मामला उजागर होते ही थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी श्याम लाल और बिहार के गया निवासी सूरज के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अवनीत कौर के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक आगे का इलाज व सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Ludhiana
Published : 1 August 2026, 12:07 PM IST