
मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आप संयोजक अरविंद केजरीवाल
चंडीगढ़: पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति और टिकटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में अहम बैठक की है। इस बैठक में फैसला लिया गया कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी जानकारी दी है। पार्टी की कोशिश है कि दूसरी राजनीतिक पार्टियों से पहले अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुनाव प्रचार में बढ़त हासिल की जाए।
टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी की रणनीति में पुराने और मजबूत चेहरों को प्राथमिकता देने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि ऐसे दावेदारों के नामों पर पहले विचार किया जाएगा, जो लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इनमें से ज्यादातर विधायकों को तीसरी बार भी चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है।
आम आदमी पार्टी की कोशिश है कि मजबूत जनाधार वाले नेताओं को दोबारा मैदान में उतारकर चुनावी मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत रखी जाए। हालांकि, उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा।
पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में आम आदमी पार्टी के 94 विधायक हैं। पार्टी इस बार भी अपने उम्मीदवारों की सूची दूसरी पार्टियों से पहले जारी करना चाहती है। पिछले विधानसभा चुनावों में भी AAP ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा पहले करने की रणनीति अपनाई थी।
पार्टी का मानना है कि उम्मीदवारों की जल्दी घोषणा होने से उन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करने और मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
AAP एक नवंबर से महिला मतदाताओं के बीच विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत पार्टी की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मावां-धीयां सत्कार योजना समेत राज्य सरकार की योजनाओं और कामकाज की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी का फोकस महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर है। इसके लिए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। महिला कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर लोगों से बातचीत करने और सरकार के कामकाज को लेकर समर्थन जुटाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद भी चुनावी तैयारियों में सक्रिय हो गए हैं। वह अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोक मिलनी कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संवाद कर रहे हैं। आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी पंजाब में बड़ी रैलियां करने की तैयारी में भी है। इन कार्यक्रमों में दिल्ली से पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा पार्टी की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। सेक्टर स्तर पर भी प्रभारियों की तैनाती की जा रही है। इनकी जिम्मेदारी मतदाताओं से संपर्क करना और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक जुटाना है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक रोजाना यह फीडबैक पहुंचाया जा रहा है, ताकि विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति का आकलन किया जा सके और जरूरत के मुताबिक चुनावी रणनीति में बदलाव किया जा सके।
चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए आम आदमी पार्टी अपने अलग-अलग विंगों में पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी कर रही है। महिला, युवा और व्यापार विंग के अलावा नशा मुक्ति मोर्चा में भी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने और लोगों के बीच सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने से पहले ही AAP ने पंजाब में चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
Location : Chandigarh
Published : 30 October 2026, 3:39 PM IST
Topics : AAP Candidate List 2027 AAP Punjab Bhagwant Mann Punjab Assembly Election 2027 Punjab Election News