Pathankot Encounter: भारतीय सीमा में 120 मीटर अंदर घुसा पाकिस्तानी घुसपैठिया, BSF जवानों ने कार्रवाई कर मार गिराया

पठानकोट में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। संदिग्ध भारतीय सीमा में 120 मीटर अंदर तक घुस आया था। पहाड़ीपुर पोस्ट के पास कार्रवाई के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 November 2026, 9:58 AM IST

Pathankot: बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर एक बड़ा ऑपरेशन किया और एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। यह घटना पहाड़ीपुर पोस्ट के पास हुई।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध घुसपैठिया भारतीय इलाके में लगभग 120 मीटर अंदर घुस आया था। बॉर्डर पर तैनात जवानों ने संदिग्ध हरकत देखते ही तुरंत एक्शन लिया।

पहाड़ीपुर पोस्ट के पास हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, BSF जवानों ने पठानकोट के पास भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पहाड़ीपुर पोस्ट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा। शुरुआती जानकारी से पता चला कि वह व्यक्ति पाकिस्तान से भारतीय बॉर्डर में घुसा था। हालात को भांपते हुए जवानों ने तुरंत एक्शन लिया और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

बटाला में भीषण सड़क हादसा: पठानकोट से अमृतसर जा रही अल्टो कार के उड़े परखच्चे, 4 युवकों की मौके पर ही मौत

भारतीय सीमा में 120 मीटर अंदर पहुंचा था संदिग्ध

बताया जा रहा है कि संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिया बॉर्डर पार करके भारतीय इलाके में लगभग 120 मीटर अंदर घुस आया था। बॉर्डर पर तैनात BSF जवानों को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं और उन्होंने एक्शन लेकर उसे मार गिराया। घुसपैठिए की पहचान या भारतीय इलाके में घुसने के उसके मकसद के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

रात 2:25 बजे सीमा पर दिखी संदिग्ध हलचल

पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। घटना देर रात करीब 2 बजकर 25 मिनट की है। बामियाल सेक्टर के बॉर्डर आउटपोस्ट पहाड़ीपुर पर तैनात जवानों ने सीमा के पास संदिग्ध हलचल देखी। अंधेरे का फायदा उठाकर एक व्यक्ति पाकिस्तान की ओर से भारतीय इलाके में दाखिल होता दिखाई दिया।

चेतावनी के बावजूद नहीं रुका घुसपैठिया

संदिग्ध गतिविधि देखते ही जवान अलर्ट हो गए और हिट पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया। जवानों ने घुसपैठिए को रुकने के लिए ललकारा और वापस लौटने की चेतावनी दी। हालांकि, वह नहीं रुका और लगातार उज्ज गैप की ओर बढ़ता रहा। इस दौरान वह भारतीय सीमा के भीतर करीब 120 मीटर तक दाखिल हो गया।

स्थिति को देखते हुए BSF की हिट पार्टी ने जवाबी कार्रवाई की। जवानों ने घुसपैठिए पर पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद BSF ने पूरी रात इलाके की घेराबंदी कर निगरानी बढ़ाए रखी। सुबह होते ही वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।

India-Pakistan War: पंजाब में इमरजेंसी सर्विस का जायजा लिया, पठानकोट एयरबेस पर हमला नाकाम

सर्च ऑपरेशन जारी

BSF के जवान घुसपैठिए के पास से मिले सामान की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि उसके पास कोई हथियार, नशीले पदार्थ या अन्य संदिग्ध वस्तु थी या नहीं। साथ ही जांच की जा रही है कि वह अकेला आया था या उसके साथ कोई और भी मौजूद था।

घटना के बाद, बॉर्डर इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर, आस-पास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। सुरक्षा बल यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घुसपैठिया अकेले बॉर्डर पार किया था या उसके साथ कोई और भी था। जांच और सुरक्षा के उपाय जारी हैं।

Location :  Pathankot

Published :  27 November 2026, 9:49 AM IST