
मैनपुरी में सड़क हादसा (Source: X)
Palwal/Mainpuri: राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद वृंदावन जा रहे उत्तर प्रदेश के 21 श्रद्धालुओं की पिकअप मंगलवार तड़के हरियाणा के पलवल में भीषण हादसे का शिकार हो गई। KMP एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पिकअप पीछे से जा घुसी। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं।
हादसा पलवल जिले में KMP एक्सप्रेस-वे पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार कई लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है। ये सभी मैनपुरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल 14 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के किशनपुर मुरैया, मकोया और चांदा गांव के लोगों ने रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक यात्रा के लिए पिकअप किराए पर ली थी। इसमें कुल 21 लोग सवार थे।
श्रद्धालुओं ने सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर और बालाजी के दर्शन किए थे। इसके बाद उन्होंने मथुरा के वृंदावन जाने की योजना बनाई और देर रात पिकअप से रवाना हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ हो सकता है। बताया जा रहा है कि पिकअप को लोहे के सरिए और जाल की मदद से डबल डेकर की तरह बनाया गया था। इससे वाहन की ऊंचाई भी बढ़ गई थी।
हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद मैनपुरी में मृतकों के गांवों में भी मातम पसरा हुआ है।
Location : Palwal
Published : 1 September 2026, 11:31 AM IST